अडाणी ग्रुप के 10 में से 8 शेयरों में तेजी, सेंसेक्स 60,600 के करीब

Business

(www.arya-tv.com) शेयर बाजार आज यानी शुक्रवार को फ्लैट है। यानी सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही इंडेक्स में न तो ज्यादा तेजी है न ही गिरावट। सेंसेक्स 60,600 के करीब कारोबार कर रहा है तो निफ्टी 17900 के करीब है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 13 में बढ़त और 17 में गिरावट है।

सेंसेक्स पर आज के टॉप गेनर्स में विप्रो और टेक महिंद्रा है। विप्रो करीब 3% तो टेक महिंद्रा 1% से ज्यादा चढ़ा है। दोनों कंपनियों ने गुरुवार को चौथी तिमाही के नतीजे घोषित किए थे। इस तिमाही में विप्रो का नेट प्रॉफिट YoY 0.4% घटकर 3,075 करोड़ रुपए रहा। वहीं टेक महिंद्रा का प्रॉफिट YoY 26% घटकर 1,118 करोड़ रुपए रहा।

अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 8 में तेजी नजर आ रही है। केवल ग्रुप की सीमेंट कंपनी ACC और अंबुजा में गिरावट है। अडाणी एंटरप्राइजेज, ग्रीन एनर्जी, पोर्ट, टोटल गैस, ट्रांसमिशन, विल्मर और NDTV में करीब आधा फीसदी की तेजी है। पावर 1% से ज्यादा चढ़ा है।

27 अप्रैल के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) और डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) दोनों नेट बायर्स रहे। NSE पर उपलब्ध डेटा के अनुसार FII ने 1,652.95 करोड़ रुपए की खरीदारी की। जबकि DII ने केवल 97.07 करोड़ के शेयर खरीदे।

अमेरिकी बाजार में गुरुवार को शानदार तेजी देखने को मिली। डाउ जोन्स में 524 अंकों की तेजी रही और यह 33,826.16 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्‍स में भी 79 अंकों की बढ़त रही और यह 4,135.35 के लेवल पर बंद हुआ।

शेयर बाजार में गुरुवार को बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 348 अंक चढ़कर 60,649 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में 101 अंकों की बढ़त रही और ये 17,915 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में तेजी और सिर्फ 7 में गिरावट देखने को मिली थी।