कैबिनेट की अहम बैठक में गन्ने का दाम बढ़ाने की संभावना

Lucknow

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश की योगी सरकार 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली किसान महापंचायत से पहले आज गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा दे सकती है। दोपहर 12 बजे कैबिनेट की बैठक होने वाली है। इसमें पेराई सत्र 2021-22 के लिए गन्ना मूल्य पर फैसला लिए जाने की संभावना है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की स्मृति में भी कुछ योजनाओं का ऐलान संभव है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में अभी गन्ना किसानों को गन्ने की कीमत 310 रुपए, 315 रुपए और 325 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है। गन्ने की यह कीमत तीन वैराइटी के हिसाब से रखी गई है। प्रदेश में किसान गन्ने की कीमत 400 रुपए किए जाने की मांग कर रहे हैं।

केंद्र और पंजाब सरकार ने भी बढ़ाई है गन्ने की कीमत
केंद्र सरकार ने कुछ दिनों पहले ही गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (Fair & Remunerative Price) 5 रुपए बढ़ाकर 290 रुपए प्रति क्विंटल किया था। उधर, पंजाब सरकार ने भी गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (एसएपी) 310 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 360 रुपए करने का ऐलान कर दिया है। पंजाब की ही तरह उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में गन्ना के सबसे उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में एसएपी में बढ़ोतरी का ऐलान हो सकता है।

कल्याण सिंह के नाम पर योजनाएं शुरू करने का फैसला
कहा जा रहा है कि आज कैबिनेट में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह से जुड़े कुछ प्रस्ताव भी हैं। दरअसल, सरकार ने कल्याण सिंह के निधन के बाद उनके नाम पर तमाम घोषणाएं की है, आज कैबिनेट में उनके नाम पर योजनाएं शुरू करने वाले प्रस्तावों को भी पास किया जा सकता है। इसके साथ ही कैबिनेट में कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले होने की संभावना है।