BBAU लखनऊ में 74 वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया

Lucknow

(www.arya-tv.com) BBAU  लखनऊ में आज 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। विवि के स्कूल ऑफ अम्बेडकर स्टडीज़ के मैदान में प्रातः काल कुलपति आचार्य संजय सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर कुलपति महोदय के साथ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मेजर जनरल श्री एन0 बी0 सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रो0 भीमराव पांडा, हैदराबाद यूनिवर्सिटी, कुलसचिव डॉ0 अश्विनी कुमार मंच पर उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि विवि अपने कर्तव्यों का भली भांति निर्वहन कर रहा है। उन्होंने इस अवसर पर जीवित शहीद श्री कृष्ण सरल की चर्चा की जिन्होनें वीर क्रांतिकारियों पर 15 महाकाव्यों की रचना की। कुलपति महोदय ने बताया कि एक साधारण शिक्षक होते हुए उन्होंने क्रांतिकारियों पर ऐसी रचना की जो पीढ़ियों तक युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। यह कार्य बिना दृढ़ संकल्प के पूरा नहीं हो सकता था। ऐसा ही दृढ़ संकल्प सभी विद्यार्थियों में होना चाहिए। जब हमारे अंदर दृढ़ संकल्प होगा तो किसी भी भूमिका में रहकर हम देशहित में योगदान कर सकते हैं।

मेजर जनरल  एन0 बी0 सिंह ने कहा कि देश और समाज के विकास में कुशल नेतृत्व की अहम भूमिका है। यह नेतृत्व आज हमारे देश को प्राप्त है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने चुने क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। प्रो0 भीमराव पांडा जो कि विवि के विजिटर नॉमिनी भी हैं, ने अपने संबोधन में देश के संविधान में बताए गए अधिकारों और कर्तव्यों के निर्वहन पर जोर डालते हुए कहा कि कर्तव्यों के बिना अधिकारों का महत्व नहीं है। उन्होंने देश की संप्रभुता को बनाये रखने में अपना योगदान देने की भी बात कही। विवि के कुलसचिव डॉ0 अश्विनी कुमार ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी का कार्यक्रम में स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 राजश्री ने किया। इस अवसर पर विवि की एनसीसी इकाई, एनएसएस वोलेंटियर्स, विवि के सुरक्षा कर्मियों ने परेड किया। विवि की आज़ादी का अमृत महोत्सव समिति, एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति, जेंडर चैंपियन समिति, महिलाओं की आधारभूत सुविधा समिति ने झांकी निकाली।