छठ पूजा पर चलेंगी पूर्वांचल के लिए2563 अतिरिक्त बसें

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)  छठ पर्व के मौके पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा के विशेष प्रबंध कर रहा है। इसके लिए निगम ने तैयारी तेज कर दी है। छठ के मौके पर परिवहन निगम पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक 2563 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा।

परिवहन निगम एमडी संजय कुमार ने गुरुवार को सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही बसों के संचालन के लिए रुट-प्लान तय करने को कहा।

पूर्वांचल के लिए 2563 अतिरिक्त बसें उपलब्ध रहेंगी
परिवहन निगम एमडी संजय कुमार ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर, दिल्ली से गोरखपुर, बलिया, वाराणसी, प्रयागराज तक के लिए 2563 अतिरिक्त बसें उपलब्ध रहेंगी।

लखनऊ व कानपुर से विशेष रूप से पूर्वांचल के लिए अधिक से अधिक बसें चलाई जाएंगी।

बसों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम एक्टिव

एमडी ने यह भी बताया कि निगम का प्रयास रहेगा कि जो भी पूर्वांचल के लोग पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली से छठ पर्व पर अपने घरों को आए हैं, इनको समुचित यात्रा सुविधा दिलाई जाए।

उन्होंने कहा कि निगम ने प्रोत्साहन योजना 22 से 31 अक्तूबर तक रखी है। परिवहन निगम की हेल्पलाइन 18001802877 और कंट्रोल रूम नंबर 9415049606 पर यात्री जानकारी हासिल कर सकते हैं।

लखनऊ से पूर्वांचल के लिए 100 बसें

क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पुंडीर ने बताया कि लखनऊ से पूर्वांचल के जनपदों के लिए सीधी बस सेवा बृहस्पतिवार से शुरू की गई है। चारबाग, आलमबाग, कैसरबाग बस स्टेशन और अवध चौराहे से नॉनस्टॉप बस सेवाएं सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक हर घंटे उपलब्ध रहेंगी। साथ ही एसी बसों में ऑनलाइन सीटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। लखनऊ से पूर्वांचल के क्षेत्रों के लिए 80 साधारण बसें और 20 एसी बसें लगाई गई है जो 31 अक्तूबर तक चलाई जाएंगी।

आज से शुरु हो रहा है छठ पर्व
दीपावली के कुछ दिन बाद से ही पूर्वांचल और भोजपुरी समाज के विशेष पर्व छठ की शुरूआत हो जाती है। देश के कुछ कठिन पर्व व व्रत में से एक है छठ पर्व जो कि चार दिन तक धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया जाता है।

ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक कार्तिक माह की चतुर्थी तिथि पर नहाय-खाय होता है। दूसरे दिन खरना, अगले दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत समाप्त किया जाता है। इस वर्ष छठ महापर्व की शुरूआत 28 अक्टूबर को नहाय खाय से हो रही है।