सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में बढ़त, 35 अंक गिरकर 61,904 पर बंद हुआ, अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5% चढ़ा

Business

(www.arya-tv.com) आज यानी गुरुवार को शेयर बाजार में फ्लैट कारोबार देखने को मिला है। सेंसेक्स 35 अंक गिरकर 61,904 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 18 अंक की गिरावट रही, ये 18,297 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में बढ़त और सिर्फ 8 में गिरावट देखने को मिली है। आज अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी देखने को मिली है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर आज 5% चढ़ा है।

फार्मा सेक्टर 1.26% टूटकर बंद हुआ। वहीं, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.9% की तेजी रही। रियल्टी, प्राइवेट बैंक, बैंक निफ्टी और ऑटो में 0.3 से 0.5% के करीब तेजी रही। डॉ रेड्डीज का शेयर खराब नतीजों के चलते करीब 7% फिसला। आज रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे टूटकर 82.09 रुपए पर बंद हुआ।

देश की दिग्गज पेंट कंपनी एशियन पेंट्स ने 31 मार्च 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। चौथी तिमाही में एशियन पेंट्स का मुनाफा सालाना आधार पर 45.12% की बढ़त के साथ 1234.14 करोड़ रुपए पर रहा है।

इस अवधि में कंपनी की कामकाजी आय सालाना आधार पर 11.33% की बढ़त के साथ 8787.34 करोड़ रुपए रही है। आज एशियन पेंट्स के शेयर में 3.34% की तेजी रही और ये 101 रुपए चढ़कर 3,143 रुपए पर बंद हुआ।

फंड जुटाने के लिए 13 मई को अडाणी ग्रुप की बोर्ड की बैठक होनी है। करीब 3 महीने पहले ही कंपनी ने फंड जुटाने के लिए लाए गए 20,000 करोड़ रुपए के FPO को पूरी तरह सब्सक्राइब किए जाने के बाद वापस ले लिया था। अडाणी ग्रीन ने भी एक्सचेंजों को फंड जुटाने के लिए 13 मई को बोर्ड बैठक की जानकारी दी है।

घरेलू शेयर बाजार पर विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। अप्रैल में विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII ने 11,630 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी (मुनाफावसूली के अतिरिक्त) की। ये मार्च में की गई 7,936 करोड़ की खरीदारी से 46.56% ज्यादा है। इसके चलते भारत सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले बाजारों में शुमार हो गया।

इससे पहले कल यानी बुधवार (10 मई) को शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 178 अंक चढ़कर 61,940 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 49 अंक की तेजी रही, ये 18,315 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में बढ़त और सिर्फ 9 में गिरावट देखने को मिली थी।