भारत में ही नहीं इस देश में ‘कश्मीर मुद्दे’ पर लड़ा जा रहा है चुनाव

International

कश्मीर मुद्दे पर केवल भारत में ही नहीं बल्कि भारत से लगभग 4000 किलोमीटर दूर स्थित एक देश में भी चुनाव लड़ा जा रहा है। बड़ी बात यह है कि यहां भारतीय मतदाताओं की तादात अच्छी खासी है जो किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

कंजरवेटिव और लेबर पार्टी में भिड़ंत
बता दें कि इन दिनों ब्रिटेन में आम चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए कंजरवेटिव और लेबर पार्टी जोर-शोर से जुटी हुई है। दोनों पार्टियां भारतीय मतदाताओं को लुभाने के लिए भी तरह तरह के हथकंडे अपना रही हैं।

ब्रिटेन चुनाव में चर्चा में कश्मीर मसला
ब्रिटेन में हो रहे आम चुनाव में कश्मीर मामला चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ जहां लेबर पार्टी भारत सरकार द्वारा कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का विरोध कर रही है। वहीं, कंजरवेटिव पार्टी ने आधिकारिक रूप से इस विषय पर कुछ भी करने से इनकार किया है।

लेबर पार्टी के रूख का भारतीय समुदाय ने किया विरोध
ब्रिटेन की लेबर पार्टी के कश्मीर मुद्दे पर अपनाए गए रूख का विरोध पूरा भारतीय समुदाय कर रहा है। ब्रिटिश हिंदू मतदाताओं के एक बड़े वर्ग ने लेबर पार्टी को वोट देने से इनकार कर दिया है।

कश्मीर पर आपात प्रस्ताव पेश कर चुकी है लेबर पार्टी
बता दें कि सितंबर महीने में लेबर पार्टी ने एक आपात प्रस्ताव पेश कर भारत के कदम की आलोचना की थी। लेबर पार्टी ने अपने प्रस्ताव में कहा था कि एक अंतरराष्ट्रीय दल को कश्मीर में जाकर वहां की जमीनी हालात का जायजा लेना चाहिए।

भारत पर मानवाधिकार हनन का लगाया था आरोप
लेबर पार्टी ने भारत सरकार पर जम्मू-कश्मीर में मानवाधिकार हनन का भी आरोप लगाया था। इसके अलावा उन्होंने घाटी के राजनेताओं को नजरबंद किए जाने और इंटरनेट बंद करने पर भीभारत की आलोचना की थी।

विरोध होने पर पार्टी ने दी थी सफाई
भारतीय समुदाय द्वारा विरोध किए जाने के बाद से लेबर पार्टी ने सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा कि कश्मीर मसले को वह भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मामले के रूप मे देखता है।

सोशल मीडिया पर भेजे जा रहे हैं संदेश
भारतीय समुदाय से जुड़े कुछ संगठन वोटरों पर असर डालने के लिए सोशल मीडिया पर संदेश भेज रहे हैं। हालांकि कुछ लोग इसका विरोध भी कर रहे हैं। इन संदेशों में कहा जा रहा है कि विपक्षी लेबर पार्टी 370 को हटाने के भारत के फैसले के खिलाफ पाकिस्तान के दुष्प्रचार का आंख मूंदकर समर्थन कर रही है।
लेबर पार्टी ने अपनी सफाई में कहा है कि कश्मीर पर पार्टी के प्रस्ताव की गलत व्याख्या की जा रही है। इसमें कहा गया था कि कश्मीर एक विवादित क्षेत्र है और कश्मीर के लोगों को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप आत्मनिर्णय का अधिकार दिया जाना चाहिए। इसकी मंजूरी लेबर नेता जेरेमी कोर्बिन ने दी थी। लेबर पार्टी को लंदन में पाकिस्तान के समर्थन में हुए प्रदर्शनों की आलोचना न करने पर हिन्दू विरोधी भी कहा जा रहा है।

ब्रिटेन चुनाव में 10 लाख हैं भारतीय वोट
ब्रिटेन के चुनाव में भारतीय समुदाय के 10 लाख से अधिक वोट हैं और प्रत्येक राजनीतिक दल मंदिरों और गुरुद्वारों में अपनी तस्वीरें खिंचवाकर इस समुदाय को लुभाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि जानकारों का मानना है कि यह समुदाय महज एक मसले पर मतदान नहीं करेगा।

12 दिसंबर को होंगे चुनाव
देश में कुल 650 सीटें हैं। सबसे अधिक इंग्लैंड में 533, स्कॉटलैंड में 59, वेल्स में 40 और उत्तरी आयरलैंड में 18 सीटें हैं। इसमें चार करोड़ 58 लाख मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव परिणाम 13 दिसंबर को आएगा। जिसके पास 326 सीटों का बहुमत होगा वह दल सरकार बना सकेगा।
लेबर पार्टी का एलान, चुनाव जीते तो जलियांवाला नरसंहार पर भारत से मांगेंगे माफी
ब्रिटेन की विपक्षी लेबर पार्टी ने 12 दिसंबर को होने वाले आम चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में कहा है कि वह चुनाव जीतने के बाद 100 साल पहले अमृतसर में हुए जलियांवाला बाग नरसंहार के लिए भारत से माफी मांगेगा।
ऑपरेशन ब्लू स्टार के संबंध में ब्रिटेन की भूमिका की समीक्षा करेगी लेबर पार्टी
लेबर पार्टी ने यह भी कहा है कि वह चुनाव जीतने के बाद ऑपरेशन ब्लू स्टार के संबंध में ब्रिटेन की भूमिका की समीक्षा भी करेगी। वर्ष 2014 में ब्रिटेन सरकार के सार्वजनिक हुए दस्तावेजों से खुलासा हुआ था कि स्वर्ण मंदिर में भारतीय सेना के घुसने के पहले भारतीय सुरक्षा बलों को ब्रिटिश सेना ने सलाह दी थी। ब्रिटेन के कुछ सिख समूह वर्षों से मांग कर रहे हैं कि सार्वजिनक जांच होनी चाहिए कि किस तरह की सलाह दी गयी थी।
यूके में 20 लाख मुस्लिम मतदाता हैं जिनमें से अधिकांश पाकिस्तानी हैं। यूके में पाकिस्तानियों की तादात 11 लाख के आसपास है। यूके में ज्यादातर मुस्लिम लेबर पार्टी के समर्थक माने जाते हैं।