धोनी, सचिन और विराट से लेकर इन खिलाड़ियों ने अपने गुरुओं को दिए सबसे बड़े गिफ्ट

Game

5 सितम्बर को पूरा देश पहले राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन पर शिक्षक दिवस मना रहा है। हर कोई अपने-अपने तरीके से अपने गुरुओं का आभार व्यक्त कर रहा है और धन्यवाद दे रहा है। ऐसे में आईए जानते हैं देश के मशहूर क्रिकेटर की गिफ्ट के बारे में जो उन्होंने अपने-अपने गुरुओं/कोच को दिया था.

सचिन तेंदुलकर:
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और उनके गुरु रमाकांत आचरेकर का रिश्ता किसी से छुपा नहीं है। सचिन को इस मुकाम तक पहूंचाने में गुरु आचरेकर का बहुत बड़ा हाथ है। सचिन ने एक बार बताया था कि कोच आचरेकर सर ने कभी उन्हें ‘वेल प्लेड’ तक नहीं कहा था। लेकिन जब सचिन को भारत रत्न मिला था तो वह देश के इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड को लेकर अपने कोच के पास गए थे।

विराट कोहली:
टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली आज दुनिया के बेहतरीन क्रिकेटरों में शुमार हैं। वो हर दिन एक नया रिकॉर्ड बनाते और तोड़ते हैं। लेकिन उन्हें तराशने और विश्व स्तर का खिलाड़ी बनाने के पीछे उनके गुरु और बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का बड़ा योगदान है और विराट भी इसे बखूबी समझते हैं। इसीलिए विराट ने 2014 में अपने गुरु को दक्षिणा के रूप में स्कोडा कार गिफ्ट की थी।

महेंद्र सिंह धोनी:
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बेस्ट फिनिशर के नाम से मशहूर धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान और विकेटकीपर हैं। लेकिन झारखंड की एक छोटी जगह रांची से आकर विश्वभर में छा जाने वाले धोनी की प्रसिद्धि के पीछे उनके स्कूल के कोच रहे केशव बनर्जी का सबसे अधिक योगदान है।
धोनी के गुरु केशव ने अपने होनहार शिष्य से दक्षिणा में वर्ल्ड कप की ट्रॉफी मांगी थी और धोनी ने उनकी इस ख्वाहिश को पूरा भी किया। धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को साल 2011 में वन-डे का वर्ल्ड चैंपियन बनाया था।

आशीष नेहरा:
टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज और मौजूदा कोच/कमेंटेटर आशीष नेहरा को गिफ्ट के रूप में एक पूरा फ्लैट ही दे दिया था। सोनेट क्लब से काफी समय तक जुड़े रहे नेहरा को जाने-माने क्रिकेट कोच तारक सिन्हा ने स्टार बनने में मदद की थी।

एक बार सिन्हा अपना किराए का घर बदलना चाह रहे थे लेकिन उन्हें कोई सही घर मिल नहीं रहा था। ऐसे में जब नेहरा को ये बात पता चली तो उन्होंने आगे आकर अपने गुरु की मदद की और उन्हें 2BHK फ्लैट ही गिफ्ट कर दिया।

हार्दिक पांड्या:
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर आज हर क्रिकेट फैन की जुबान पर रहते हैं। इतना ही नहीं हार्दिक के भाई क्रुणाल भी टीम इंडिया में खेलने लगे हैं। दोनों ही भाई आईपीएल में मुंबई की टीम से खेलते हैं और बहुत तेजी से वर्ल्ड क्रिकेट में आगे बढे हैं।

लेकिन दोनों की इस सफलता के पीछे इनके कोच जितेन्द्र सिंह की मेहनत रही है। दोनों भाईयों ने भी इसे हमेशा स्वीकारा और यही वजह थी कि साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद हार्दिक अपने कोच के पास गए और फिर वह और क्रुणाल उन्हें एक शोरूम ले गए और एक खूबसूरत कार गिफ्ट की।