दुर्घटना में घायल 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ट्रामा सेंटर में नही किया गया भर्ती,तोड़ा दम

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)लाख दावों के बावजूद KGMU में मरीजों को समय पर उपचार नही मिल पा रहा है। नतीजतन आएं दिन गंभीर हालत में पहुंच रहे मरीज इलाज के आभाव में दम तोड़ रहे है। शनिवार को भी केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती होने के इंतजार में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घर वाले दुर्घटना में घायल होने के बाद बुजुर्ग को लेकर शनिवार को ट्रामा सेंटर पहुंचे थे, मगर देर तक मरीज को भर्ती नहीं किया गया। तीमारदारों का आरोप है कि गंभीर हालत के बावजूद मरीज को भर्ती नही किया गया। करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

गंभीर हालत में वयोवृद्ध महिला को रिफर किया गया था KGMU

हरदोई के सिवारी निवासी बुजुर्ग महिला रामकली(86 वर्षीय) के पैर की हड्डी दुर्घटना में फ्रैक्चर हो गई थी। स्थानीय अस्पताल के डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। मरीज के परिजन निखिल ने बताया कि शाम करीब चार बजे ट्रामा सेंटर पहुंच गए थे मगर बार – बार गुहार लगाने के बावजूद डाक्टरों ने भर्ती नहीं किया। इस बीच देर तक इलाज के लिए अपील करने के बावजूद कोई सुनवाई नही हुई। इस दौरान मरीज की स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो गई। ट्रामा के बाहर ही काफी देर तक इलाज नहीं मिलने से मरीज तड़पती रही। करीब एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई।

जिम्मेदार बने अनजान

वही मामलें पर ट्रामा के पीआरओ आलोक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। किसी भी तीमारदार ने इस बात की शिकायत भी नहीं की है।