- जोन-8 में स्वच्छता पखवाड़े के तहत सफाई मित्रों का सम्मान, 250 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण
लखनऊ। स्वच्छता पखवाड़े के तहत नगर निगम जोन-8 में सफाई मित्रों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर’ एवं ‘सफाई मित्र सम्मान कार्यक्रम’ में सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जोन-8 के जोनल अधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त गौरव कुमार ने आदेश के क्रम में नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों को बेहतर कार्य वातावरण, स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

- 250 कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, खाद्य एवं रसायन विभाग, जिला उद्योग केंद्र तथा नेत्र चिकित्सकों की टीम ने सक्रिय सहभागिता की। स्वास्थ्य विभाग की डॉ. मनोरमा के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब 250 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
- जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की और सफाई मित्रों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
- सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जोनल अधिकारी डॉ. आशीष कुमार सिंह, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी, विमल तिवारी, कमलेश सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी जितेन्द्र गांधी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मो. नईम, सफाई निरीक्षक मीरा राव, सत्येंद्र नाथ, वीरभद्र सहित एसएमपी, लायन एनवायरो और एचएमएस की टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सफाई मित्रों के प्रति सम्मान के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर विभागीय स्तर पर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
