जानवर लेंगे मनुष्य जैसी मजा रहेंगे एसी,कूलर और ब्लोअर में

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर। जानकर आश्चर्य होगा कि जैसे हम और आप सर्दी और गर्मी में राहत के लिए एसी, कूलर, ब्लोअर और हीटर का इंतजाम करते हैं, ठीक उसी प्रकार चिडिय़ाघर के जानवरों के लिए भी उनकी प्रकृति के मुताबिक ठंड और गर्मी से राहत के लिए जरूरी यंत्र लगाए जाएंगे। चिडिय़ाघर प्रशासन ने इसकी पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली है। बाड़ों के निर्माण में भी इसका ख्याल रखा जा रहा है।

चिडिय़ाघर में सांपों के लिए विशेष व्यवस्था होगी। उनके लिए एसी का इंतजाम किया जा रहा है, जो गर्मी और ठंड दोनों मौसम में तापमान नियंत्रित कर सके।मांसाहारी जानवरों जैसे बाघ, शेर, तेंदुआ, लोमड़ी, लकड़बग्घा, भेडिय़ा, सियार को गर्मी के मौसम में राहत देने के लिए कूलर लगाए जाएंगे।

इन जानवरों के बाड़े में छोटे-छोटे तालाब भी बनाए जाएंगे, जिससे ज्यादा गर्मी होने पर वह पानी में जाकर राहत ले सकें। इसके पीछे का तर्क मांसाहारी जानवरों को गर्मी ज्यादा लगना है। भालू के बाड़े में भी कूलर लगेगा। ठंड में इन सभी के लिए ब्लोअर का इंतजाम किया जाएगा।
चिडिय़ाघर में दुर्लभ प्रजाति की चिडिय़ों को ठंड में दिक्कत न हो, इसके लिए उनके पिंजड़े में ऐसे बल्ब लगाए जाएंगे, जो माहौल में गर्मी लाएं। ठंडे प्रदेश की चिडिय़ों के लिए इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।