लखनऊ में मर्डर:जमीन के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या

Lucknow

(www.arya-tv.com)राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम जमीनी विवाद में एक युवक की गोली मार दी गई। उसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। लेकिन उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। मामला प्रॉपर्टी विवाद का बताया जा रहा है।

दौड़ाकर मारी गई गोली

दरअसल, कन्हैया माधवपुर निवासी विपिन विश्वकर्मा (24 साल) मंगलवार की दोपहर अपने कुछ साथियों के साथ कनक सिटी के पास स्थित एक प्लॉट पर गया था। कुछ देर बाद प्रॉपर्टी डीलर सुशील यादव, रिशु यादव अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। वहां प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान सुशील और रीशु ने विपिन पर फायर झोंक दिया। बचाव के लिए विपिन भागा तो उसे दौड़ाकर गोली मार दी गई। इसके बाद हत्यारोपी मौके से भाग निकले।

दो दिन पहले भी हुआ था विवाद

विपिन को उसके साथी ट्रामा सेंटर लेकर भागे। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत विपिन विश्वकर्मा की 2 गोली लगी है। ADCP गोपाल चौधरी ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर सुशील यादव, रिशु यादव व अन्य 2 पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। दोनों पक्षों में प्रॉपर्टी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद था। दो दिन पहले भी विवाद था। रिंग रोड पर ही सुशील का प्रॉपर्टी डीलिंग का आफिस है।