(www.arya-tv.com)कोरोना काल में प्रवासी मजदूरों के पलायन की तस्वीरें अभी भी लोगों के जेहन में जरूर होंगी। सियासत और नाकामी की वजह से यूपी-बिहार के लाखों लोग महाराष्ट्र-दिल्ली से पैदल ही अपने घरों की तरफ निकल पड़े थे। अब भाजपा महाराष्ट्र में रहने वाले यूपी के मूल निवासियों को यूपी जीतने में मदद लेने की योजना बना रही है। कारण महाराष्ट्र की आबादी का करीब 10 फीसदी (1.45 करोड़) उत्तर भारत से हैं। वे या तो बिहार से हैं या यूपी से।
महाराष्ट्र भाजपा की एक शाखा उत्तर भारतीय मोर्चा ने महाराष्ट्र में यूपी के रहने वाले लोगों की मैपिंग शुरू कर दी है। मोर्चा के एक प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से लखनऊ में मुलाकात की। दावा किया कि महाराष्ट्र में रहने वाले यूपी के लोग फिर से सीएम योगी की सरकार बनाने में पार्टी की मदद करना चाहते हैं। कोरोना काल में जिन मजदूरों को यूपी में काम मिला, वही अब विधानसभा चुनाव में जीत की राह आसान करेंगे।
यूपी वालों से गूगल फार्म भरवाया जा रहा
उतर-भारतीय मोर्चा उन सभी लोगों का एक डेटाबेस तैयार कर रहा है, जो विधानसभा चुनाव में यूपी आना चाहते हैं। महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में रहने वाले, डाॅक्टर, इंजीनियर, उद्योगपति, व्यवसायी और बाकी प्रोफेशनल्स की एक लिस्ट तैयार की जा रही है। इन सभी से गूगल फार्म भरवाया जा रहा है। इसमें महाराष्ट्र में रहने वाले उतर-भारतीयों को अपना नाम ,फोन नंबर और वर्तमान पते के साथ ही अपने गृह जनपद का नाम भी लिखना होगा।