लखनऊ। लखनऊ के बिजनौर में स्थित आर्यकुल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस 2026 के अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा रेडियो क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस क्विज में बीजेएमसी (BJMC) और एमजेएमसी (MJMC) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्व रेडियो दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। इस वर्ष की थीम “एआई और रेडियो” रही, जिसके अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के बढ़ते प्रभाव और रेडियो माध्यम के बदलते स्वरूप पर विशेष चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि यूनेस्को ने रेडियो के महत्व को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2012 से विश्व रेडियो दिवस मनाने की शुरुआत की थी। क्विज प्रतियोगिता में रेडियो प्रसारण की मूल अवधारणाओं, आकाशवाणी की भूमिका, एफएम चैनलों के विस्तार, सामुदायिक रेडियो की उपयोगिता तथा एआई आधारित कंटेंट निर्माण से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।
इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. सशक्त सिंह, डीन एकेडमिक्स रुचि सिंह, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. अजय शुक्ला, एकेडमिक इंचार्ज डॉ. रेखा सिंह, डॉ. अब्दुल रब खान, डॉ. गौरव मिश्रा तथा वत्सल श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। डायरेक्टर डॉ. सशक्त सिंह ने अपने संबोधन में “एआई और रेडियो” थीम पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समावेश से रेडियो माध्यम अधिक प्रभावी, विश्लेषणात्मक और श्रोता-केंद्रित बनता जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचारों को अपनाने और मीडिया के क्षेत्र में रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की प्रेरणा दी। प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान बीजेएमसी छठवें सेमेस्टर के अनुराग राय, द्वितीय स्थान बीजेएमसी छठवें सेमेस्टर के विनय कुमार तथा तृतीय स्थान बीजेएमसी सेकंड सेमेस्टर की आंचल यादव को प्राप्त हुआ। विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम को सफल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक आयोजनों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया गया।
