मां कामाख्या धाम महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन सामाजिक सरोकार व लोकसंस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला। महोत्सव में आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रभर से आए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। द्वितीय दिवस शनिवार को मां कामाख्या आत्मनिर्भर नारी सम्मान व संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ प्रियंका मौर्य ने कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। जब महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनेंगी, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 132 मातृशक्तियों को ‘नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। महोत्सव के मुख्य संरक्षक एवं रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को देवी स्वरूप माना गया है। महोत्सव के माध्यम से मातृशक्ति को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है।मां कामाख्या धाम न्यास के अध्यक्ष ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन नारी सम्मान और सामाजिक जागरूकता को समर्पित है।
25 को भोजपुरी अभिनेता निरहुआ देंगे प्रस्तुति
तृतीय दिवस पर सरस मेले के साथ स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकों की टीम ने लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न जांचें की गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक गायक व उनकी टीम ने लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक धुनों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। महोत्सव न्यास के अध्यक्ष रविकांत तिवारी मोनू ने बताया कि भोजपुरी कलाकार व पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ 25 मार्च को मां कामाख्या धाम महोत्सव में करेंगे शिरकत। अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे।
