(www.arya-tv.com)
अभिषेक राय
विश्व हिंदी दिवस 10 जनवरी 2026 को मनाया जा रहा है। हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, भारत की पहचान और रिश्तों की गर्माहट है। अक्सर हम मान लेते हैं कि हिंदी भारत की सीमाओं तक ही सिमटी है, लेकिन सच्चाई इससे कहीं बड़ी है। दुनिया के कई देशों में हिंदी बोली, समझी और सिखाई जाती है, कभी प्रवासी भारतीयों के जरिए, तो कभी संस्कृति और सिनेमा के प्रभाव से। विश्व हिंदी दिवस हमें यही याद दिलाता है कि हिंदी का आकाश बहुत विस्तृत है।
हर साल 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य वैश्विक मंच पर हिंदी के प्रभाव, विस्तार और स्वीकार्यता को रेखांकित करना है। यह दिन बताता है कि हिंदी सिर्फ बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि संवाद की वैश्विक शक्ति बन चुकी है। आइए जानत हैं भारत के बाहर किन 10 देशों में हिंदी बोली जाती है।
हिंदी की सबसे बड़ी ताकत उसकी भावनात्मक सरलता है। यह भाषा अनुवाद नहीं मांगती, बल्कि सीधा दिल तक पहुंचती है। शायद इसी वजह से हिंदी बोलने वाला दुनिया में कहीं भी खुद को अकेला नहीं महसूस करता है। जब दुनिया हिंदी को अपना रही है, तो क्या हम खुद इसकी अहमियत समझ पा रहे हैं?
भारत के बाहर किन 10 देशों में बोली जाती है हिंदी?
नेपाल
भारत की सीमाओं से जुड़ा नेपाल, हिंदी को लगभग दूसरी भाषा की तरह स्वीकार करता है। फिल्में, टीवी और व्यापार में हिंदी सहज रूप से बोली जाती है।
मॉरीशस
यहां हिंदी केवल बोली नहीं जाती, बल्कि स्कूलों में पढ़ाई जाती है। भोजपुरी और अवधी के साथ हिंदी मॉरीशस की सांस्कृतिक रीढ़ है।
फिजी
ब्रिटिश काल में गए भारतीय मजदूरों की पीढ़ियों ने यहां हिंदी को जीवित रखा। आज भी फिजी में हिंदी रेडियो और कार्यक्रम लोकप्रिय हैं।
सूरीनाम
दक्षिण अमेरिका का यह छोटा देश हिंदी प्रेम के लिए जाना जाता है। यहां की हिंदुस्तानी भाषा हिंदी का ही रूप है।
त्रिनिदाद और टोबैगो
यहां के भारतीय समुदाय ने हिंदी को गीत, भजन और परंपराओं के माध्यम से संभाल कर रखा है।
सिंगापुर
व्यापार और तकनीक के इस केंद्र में हिंदी प्रवासी भारतीयों के बीच आम संवाद की भाषा है।
दक्षिण अफ्रीका
महात्मा गांधी की कर्मभूमि में हिंदी सांस्कृतिक आयोजनों और सामुदायिक जीवन का अहम हिस्सा है।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE)
दुबई और अबूधाबी में काम करने वाले लाखों भारतीयों ने हिंदी को रोज़मर्रा की भाषा बना दिया है।
यूनाइटेड किंगडम (UK)
लंदन सहित कई शहरों में हिंदी स्कूल, सांस्कृतिक केंद्र और रेडियो चैनल सक्रिय हैं।
संयुक्त राज्य अमेरिका (USA)
यहां हिंदी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाती है और नई पीढ़ी इसे पहचान की भाषा के रूप में अपना रही है।
