सरकारी निर्माण को प्रमिला पांडे ने बताया अवैध:कानपुर में​​​​​​​ जोनल अधिकारी ने दिखाए कागज

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) कानपुर में गड़रिया मोहाल स्थित मालवीय पार्क में नगर निगम ही पुराने वार्ड ऑफिस के कमरे को तोड़कर निर्माण करा रहा है। शुक्रवार शाम को मोहल्ले के कुछ लोगों ने यह अफवाह उड़ा दी कि मौके पर मस्जिद की आड़ में अवैध कब्जा किया जा रहा है। इस अफवाह पर पहुंचीं निर्वतमान महापौर प्रमिला पांडेय ने अफसरों को फोन करके बुलाया। जोनल अधिकारी ने सच्चाई बताई तो वह लौट गईं।

नगर निगम का चल रहा था निर्माण
मालवीय पार्क में पानी की टंकी बनी हुई है। नगर निगम ने यहां बारात शाला भी बनवाई है। पार्क के किनारे पर कुछ झोपड़ीनुमा कच्चे मकान हैं। जिसमें 4-5 अल्पसंख्यक परिवार रहते हैं। कुछ लोगों ने महापौर को यह सूचना दी कि यहां मस्जिद के आड़ में अवैध कब्जा किया जा रहा है। निवर्तमान महापौर पहुंचीं तो मौके पर लोगों ने कहा कि निवर्तमान पार्षद अमित मेहरोत्रा बब्लू को बुलाकर पूछे की कौन निर्माण करा रहा है।

क्षेत्रीय पार्षद की बात भी नहीं मानी

बब्लू मेहरोत्रा वहां पहुंचे तो बताया कि नगर निगम का पुराना ऑफिस था। जर्जर हो चुका था। यहां सफाई कर्मचारी बैठते हैं। अब तोड़कर नया कमरा बनाया जा रहा है। प्रमिला पांडे को भरोसा नहीं हुआ। कहा कि जांच होने तक निर्माण बंद करें। इसके बाद जोनल अभियंता आरके सिंह को फोन करके बुलाया।

जोनल अफसर ने दिया जवाब

जोनल अभियंता के न होने पर जोनल अधिकारी राजेश गुप्ता गए तो उन्होंने बताया कि नगर निगम का इंजीनियरिंग सेक्शन बनवा रहा है। इसकी फाइल पास है। इस पर निवर्तमान महापौर ने पूछा कि मस्जिद कब की है। जोनल अफसर ने कहा कि कई दशक बीत चुके हैं। फिर पूछा कि यह चार घर कैसे अवैध बने हैं।

जोनल अफसर ने कहा कि वक्फ से रजिस्टर्ड कच्चे मकान हैं। पंचशाला में इनका जिक्र है। संपत्ति विभाग से फाइल मंगाकर देख सकती हैं। प्रमिला पांडेय ने यह कहा कि बस्ती अवैध हैं, इसे गिरवाऊंगी। यह कहकर वह चली गईं।