(www.arya-tv.com)गोरखपुर में शनिवार को डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। मृतकों में एक 60 साल का बुजुर्ग और 40 साल की महिला शामिल है। दोनों घटनाएं बेलघाट इलाके की है। बेलघाट के जितवारपुर गांव में भोला की पीट-पीटकर मार डाला गया। वहीं एकौना बुजुर्ग गांव में बिंदु गुप्ता की गला कसकर हत्या की गई। बुजुर्ग का शव खेत में पड़ा मिला तो महिला का शव कमरे में मिला।
सूचना पर शनिवार की सुबह तत्काल सीओ गोला जगत राम कनौजिया दोनों घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बेलघाट एसओ गौरव राय कन्नौजिया को निर्देश दिया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो। उधर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में एसपी साउथ अरूण सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छेड़खानी का आरोप लगा बुजुर्ग की हत्या,खेत में मिला शव
बेलघाट के जितवारपुर गांव निवासी 60 वर्षीय भोला शनिवार की भोर में करीब 3 बजे घर के बरामदे में सो रहे थे। इस दौरान गांव के ही कुछ लोग पहुंचे और लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। उनके शव को पास के एक खेत में ले जाकर फेंक दिया और फरार हो गए। सुबह 7 बजे जब उनके बेटे संजय ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संजय की तहरीर पर पुलिस ने 5 लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि गांव के सुरेंद्र, उनकी पत्नी बसंती, सुरेंद्र के दोनों बेटों और राजकुमार के बेटे ने धावा बोलकर हत्या किया है। संजय ने पुलिस को बताया कि आरोपी सुरेंद्र उसके पिता यानि मृतक भोला पर अपनी पत्नी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा रहा था। इसी रंजिश में भोला की उन लोगों ने हत्या कर दी।
महिला की गला कसकर हत्या, शव के पास मिला रस्सी
बेलघाट के एकौना बुजुर्ग गांव निवासी 40 वर्षीय बिंदु गुप्ता पत्नी झीनक गुप्ता की गला कसकर हत्या कर दी गई। बिंदु का शव शनिवार की सुबह कमरे में फर्श पर पड़ा था। शव के पास में ही नायलान की एक रस्सी भी पड़ी थी। शव मिलने की सूचना पुलिस को सुबह 7 बजे मिली। जिसके बाद पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की। जहां शव था वहां से कुछ दूरी पर फर्श पर खून के दो-चार बूंद भी मिले हैं। जिसकी मिट्टी और रस्सी को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
उधर महिला की मौत के बाद से ही उसका पति फरार है। आशंका है कि पति ने ही उसकी हत्या की है। हत्या के पीछे अवैध संबंध का शक होना कारण बताया जा रहा है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं पड़ी है। एसआई विकास मिश्रा ने बताया कि मृतका के गले पर रस्सी का निशान दिखाई पड़ रहा है। हत्या की आशंका लग रही है जांच की जा रही है।
झंगहा में स्वास्थ्य केंद्र की छत पर मिला बुजुर्ग का शव
गोरखपुर के झंगहा इलाके के बिसुनपुर मटियरा निवासी 75 वर्षीय अमरनाथ शुक्ला का शव शनिवार की सुबह न्यू पीएचसी बिसुनपुरा के छत पर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को दाह संस्कार के लिए ग्रामीणों को दे दिया। अमरनाथ का कोई नहीं था। वह पीएचसी के आसपास ही घूमते थे। गोबडौर चौकी प्रभारी सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने शव को कब्जे में लिया। ग्रामीणों के लिख के देने पर पुलिस ने पंचनामा भरवाकर दाह संस्कार के लिए शव दे दिया।