देहरादून से भी ठंडा रहा UP का बरेली:5 डिग्री तक पारा और लुढ़कने का अनुमान

# ## Environment Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ में गुरुवार सुबह मौसम साफ दिखा। दिन की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ हुई, मगर करीब 8 बजे तक हल्की धूप खिलने लगी। लोगों को दिन में ठंड से राहत मिलने का अनुमान है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं UP के कई शहरों में बुधवार को पारा 7 डिग्री से नीचे लुढ़क गया। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री के साथ बरेली प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यह देहरादून 6 डिग्री सेल्सियस से भी सर्द रहा।वहीं, अयोध्या 6 डिग्री सेल्सियस, शाहजहांपुर 6.1, मुजफ्फरनगर 6.2, आगरा 6.3, बाराबंकी 6.4 और मुरादाबाद में 6.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यूपी के पश्चिमी हिस्से में 29 से 31 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

तेज पछुआ हवाओं से कोहरे की मार हुई कम

इस तरह से यूपी का बरेली देहरादून से भी ठंडा दर्ज किया गया। तेज पछुआ हवाओं के चलते प्रदेश में कोहरे की मार कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम यूपी में ठंड का असर अधिक है। रात के तापमान में 2 दिनों तक बढ़ोतरी होगी फिर पारा गिरेगा। सर्द हवाएं अभी और परेशान करेंगी।

लखनऊ में मौसम साफ, सुबह कोहरा छाया

हवा रुकने के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। लखनऊ में एक दिन पहले बुधवार को धूप खिलने के बाद भी सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बरकरार रही। इससे दिन का पारा 17.1 डिग्री से बढ़कर 22.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, लेकिन तेज रफ्तार पछुआ हवाओं के कारण गलन कम नहीं हुई।