सहारनपुर में नदी के बहाव में फंसी कार, 5 बहे:मां की मौत, 3 बेटियां और ड्राइवर को बचाया गया

## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) सहारनपुर में शाकंभरी देवी मंदिर के पास नदी में सैलाब आने से कार सवार एक ही परिवार के 5 लोग बह गए। इसमें एक महिला की मौत हो गई। जबकि 4 लोगों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। यह सभी सहारनपुर से शाकंभरी देवी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। जिस नदी में अचानक तेज बहाव आया। उसे शाकंभरी देवी बरसाती नदी कहते हैं। इसी नदी को पार करके मंदिर में दर्शन के लिए जाया जाता है।घटना मंगलवार सुबह 5.30 बजे की है। सहारनपुर की सुगर मिल कॉलोनी में रहने वाली सीमा (55) अपनी तीन बेटियों- तानिया, मेघा और रिया के साथ मंदिर में दर्शन करने जा रही थीं। ड्राइवर रवि कार चला रहा था। कार से यह सभी शंकराचार्य आश्रम के पास पहुंचीं। तभी अचानक पहाड़ी इलाके से पानी का तेज बहाव आ गया।

सभी गाड़ी से उतरकर भागने लगे। रवि, मेघा और तानियां बचकर निकल गईं। सीमा और रिया पानी में बहने लगीं। करीब 1 किलोमीटर दूर भूरा देव के पास शोर मचाने पर दुकानदार बचाने के लिए पानी में कूद गए। दोनों को नदी से बाहर निकाला। इसमें सीमा की मौत हो चुकी थी। रिया की सांसें चल रहीं थीं। वह घायल हो गई थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल भेजा गया।

सहारनपुर से 48 किलोमीटर दूर बेहट क्षेत्र में शाकंभरी देवी का मंदिर है। यह पहाड़ की तलहटी में है। मंदिर जाने के लिए अधिकतर लोग इसी रास्ते से जाते हैं। नदी में छोटे-छोटे पत्थर पड़े हुए हैं। उसी रास्ते से होकर कार गुजरती है।

लगभग 11 महीने तक इस नदी में पानी नहीं होता है। आमतौर पर बारिश तेज होने पर कभी-कभी बाढ़ आ जाती है। मंगलवार सुबह भी शुरू में हल्का-पानी था। लेकिन, जैसे ही कार बीच में पहुंची तभी पानी का तेज बहाव आने से यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार को भी नदी में अचानक पानी बढ़ गया था। बावजूद प्रशासन ने लोगों को जाने से नहीं रोका। सीमा के पति हेमंत शुगर मिल से रिटायर्ड हैं। सीमा बुटीक चलाती थीं।

मृतक सीमा के पति हेमंत में बताया कि वह पहली बार मां शाकंभरी देवी गए थे। आज मंगलवार की छुट्टी होने की वजह से बच्चों ने अचानक मंदिर जाने का प्रोग्राम बना लिया था। दो बेटियां और ड्राइवर सुरक्षित हैं।