यूपी में अगले 5 दिनों में 2 डिग्री बढ़ेगा तापमान:आज कई जिलों में 30 KM/PH की रफ्तार से धूल भरी आंधी

# ## Health /Sanitation Lucknow

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में गुरुवार को बांदा सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, झांसी, प्रयागराज, आगरा, वाराणसी, कानपुर, सोनभद्र, उरई और लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार से कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेगी। अगले पांच दिनों में तापमान एक से दो डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। 23 मई तक बाराबंकी, बस्ती, गोरखपुर, बरेली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। 24 मई को पूरे प्रदेश में बारिश हो सकती है।

लखनऊ में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, झांसी दूसरा और प्रयागराज तीसरा सबसे गर्म जिला रहा
गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा के बाद झांसी 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में दूसरे और प्रयागराज 46.3 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरे नंबर पर रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान मेरठ में 21.3 और बरेली में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

खान-पान का सही ध्यान न रखने से डिहाइड्रेशन का खतरा
लखनऊ की सीनियर ड़ायटीशियन आस्था के मुताबिक गर्मी के मौसम में खान-पान का सही ख्याल न रखने पर स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। डीहाइड्रेशन‚ स्किन बर्न‚ फीवर और हीट स्ट्रोक जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खूब पानी पिएं। हेल्थी फूड्स का सेवन करें। नियमित व्यायाम करें। दोपहर में घर पर ही रहें। ज्यादा जरूरी हो तो सेफ्टी के साथ घरों से बाहर निकलें।

डॉ. मृदुला बताती हैं कि गर्मी के मौसम में ताजे फल और सब्जियों का सेवन करना चाहिए। इनमें विटामिन‚ मिनरल‚ एन्जाइम्स‚ एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। सीजनल फूड्स में हमारे शरीर को डिटॉस्क करने के साथ ही इम्यूनिटी बढ़ाने की क्षमता भी होती है।

लू लगने पर ये करें

  • लू लगे व्यक्ति को छाया, पंखे, कूलर के सामने लिटाएं।
  • शरीर का तापमान कम करने के लिए शरीर, गर्दन, सिर और पेट पर ठंडे पानी से गीला किया कपड़ा रखें।
  • व्यक्ति को ओ.आर.एस. का घोल , छाछ या शर्बत पिलाएं।
  • यदि आराम न मिले तो उसे तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाएं।