दिल्ली। उत्तरी राज्यों में बुधवार को भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं, शाम के समय राष्ट्रीय राजधानी में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के साथ गरज चमक के साथ बारिश हुई जिससे दिल्ली के कई हिस्से प्रभावित हुए। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जम्मू और हिमाचल प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों के लिए में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को बर्फबारी हुई, जबकि घाटी के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। शोपियां जिले के पीर की गली और गांदरबल जिले के सोनमर्ग में बर्फबारी दर्ज की गई। घाटी के अधिकांश पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढके रहे। श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने केंद्र शासित प्रदेश में 20 मार्च तक कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान जताया है।
चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी का अनुमान है। इसने 20 मार्च तक कुछ स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गरज के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान भी जताया है, साथ ही छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी है। हिमाचल प्रदेश में लाहौल और स्पीति जिले के कुछ स्थानों पर बर्फबारी हुई, जबकि राज्य के कुछ अन्य जिलों में बारिश दर्ज की गई। यहां लाहौल और स्पीति के गोंडला में चार सेंटीमीटर, कुकुमसेरी (3.6 सेमी), केलांग (3 सेमी) और हंस में 2.5 सेमी बर्फबारी हुई।
मनाली, धर्मशाला, कांगड़ा, शिमला और जुब्बरहट्टी में भी वर्षा हुई। शिमला स्थित मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य में भारी बर्फबारी और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके अनुसार, बारिश और बर्फबारी का यह दौर 24 मार्च तक जारी रह सकता है। विभाग ने बताया कि लाहौल और स्पीति में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भारी हिमपात जारी रहने की संभावना है।
