बारिश तुम कब आओगी! Delhi-NCR में बादलों का डेरा, उमस से लोग परेशान, जानें आज कैसा रहेगा मौसम?

# ## UP

(www.arya-tv.com)  दिल्ली-एनसीआर में मानसून के आने के बाद भी लोग अभी तक बारिश का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि एनसीआर के यूपी से सटे इलाकों में कल बारिश हुई। अब तक मानसून ने तेजी दिखाते हुए तय समय से 6 दिन पहले ही पूरे देश को कवर कर लिया है। अमूमन मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर करता है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। यूपी के कई जिलों में हुई बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने 2 जुलाई को अच्छी बारिश की उम्मीद जताई थी। कुछ जगहों पर हल्की बारिश को छोड़ दे तो बदरा नाराज नजर आए। हालांकि उमस की वजह से वेट बल्ब टेंपरेचर बढ़कर 29 डिग्री पर पहुंच गया। वेट बल्ब टेंपरेचर 32 से ज्यादा होने पर स्वस्थ व्यक्ति भी बीमार महसूस करने लगता है। आईएमडी के अनुसार आज भी राजधानी में बादलों का डेरा रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान 25 से 35 किमी./घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती है। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है। हालांकि 4 से 8 जुलाई तक मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल-उत्तराखंड में आफत वाली बारिश

यूपी के कुछ जिलों में बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली। आज भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इसके अलावा कहीं-कहीं पर बारिश की संभावना जताई है। वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश कहीं पर राहत और कहीं पर आफत बनकर आई है। हिमाचल प्रदेश में 6 जुलाई तक गरज चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक हिमाचल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में भी आज गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड के लिए मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।