यूपी में तापमान घटा, लेकिन गर्मी नहीं:प्रदेश के 24 जिलों में 23 और 24 मई को बूंदाबांदी और गरज-चमक का अलर्ट

# ## Environment

(www.arya-tv.com) शुक्रवार को हल्की धुंध और हवाओं के चलते तापमान में थोड़़ी कमी जरूर आई, लेकिन गर्मी कम नहीं हुई है। पूरे दिन लोग गर्मी से परेशान रहे। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 23 और 24 मई को राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बदली के साथ ही आंधी आने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदा–बूंदी भी हो सकती है।

बीते 24 घंटे में मामूली बरसात होने के बाद से उमस बढ़ गई है। बांदा में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह एक बार फिर से प्रदेश का सबसे ज्यादा गर्म रहा।

पानी को तरस गए लोग, पशु और पक्षी भी त्राहि-त्राहि कर रहे

मई की गर्मी अब पूरे शबाब पर है। प्रचंड रूप धारण कर चुकी गर्मी से इंसान तो इंसान, पशु और पक्षी भी त्राहि–त्राहि करने लगे हैं। बीते एक सप्ताह से उमस वाली ऐसी गर्मी पड़़ रही है कि लोग एकदम से बिलबिला गए हैं। जेठ की तपन से लखनऊ में शुक्रवार को तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन उमस के कारण यह गर्मी 45 डिग्री सेल्सियस वाली गर्मी को भी मात दे रही है।

सबुह आठ बजे के बाद ही गर्मी प्रचंड रूप लेने लग रही है। दोपहर होते ही पशु-पक्षी भी छांव ढूंढने लगते हैं। दिन के साथ ही रात का तापमान भी गजब ढा रहा है। शुक्रवार को रात का तापमान भी बढ़कर 29 डिग्री तक पहुंच गया।

प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा शहरों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पार

लखनऊ के साथ ही प्रदेश के कानपुर‚ झांसी‚ प्रयागराज‚ बनारस‚ फतेहपुर‚ उरई‚ हमीरपुर सहित अन्य शहरों में पारा 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक जा रहा है।

लू से ऐसे करें बचाव

  • कड़ी धूप में अनावश्यक घर से बाहर न जाएं।
  • धूप में ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
  • पौष्टिक आहार खाकर और पेय पदार्थ का सेवन करें।
  • हल्का भोजन करें। प्याज, सत्तू और दही जरूर खाएं।
  • पानी, छाछ, लस्सी, नींबू पानी, आम का पन्ना, फलों का जूस, बेल का शर्बत और नारियल पानी पीएं।
  • मौसमी फल जैसे- तरबूज, ककड़ी, खरबूजा, खीरा और संतरा का अधिक से अधिक सेवन करें।
  • बच्चों को धूप में पार्क किए वाहन में अकेला न छोड़े।

तराई क्षेत्रों में बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि प्री-मानसून की बारिश का रेड अलर्ट यूपी के बहराइच, गोंडा और श्रावस्ती क्षेत्रों में होगा। इसके अलावा येलो अलर्ट जारी करते हुए हाथरस, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, हरदोई, कन्नौज, सीतापुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी बस्ती, आंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, सिद्धार्थनगर, अयोध्या, बाराबंकी, प्रतापगढ़ औऱ प्रयागराज के लिए दिया गया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी,गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।