हम लड़कियों की शिक्षा के खिलाफ नहीं, जल्द खोलेंगे हाई स्कूल:सिराजुद्दीन हक्कानी

# ## International

(www.arya-tv.com) तालिबान ने लड़कियों और महिलाओं के लिए जल्द ही अच्छी खबर का वादा किया है। अफगानिस्तान के होम मिनिस्टर और तालिबान के को-डिप्टी लीडर सिराजुद्दीन हक्कानी ने हाई स्कूल खोलने का वादा किया है। इसके इतर उनका कहना है कि जो महिलाएं तालिबान शासन का विरोध कर रही हैं, उन्हें घर के अंदर ही रहना चाहिए।

दरअसल, अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद लड़कियों के लिए हाई स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए थे। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, हक्कानी ने कहा- मैं कुछ स्पष्टीकरण देना चाहता हूं। हम लड़कियों के लिए शिक्षा का विरोध नहीं कर रहे हैं। अभी भी लड़कियों के लिए क्लास 6 तक स्कूल खोले गए हैं। हालांकि, जब तक स्कूल में ड्रेस कोड लागू नहीं कर दिया जाता तब तक क्लास नहीं लगेगी।

अफगानिस्तान में सत्ता काबिज करने के बाद तालिबान ने कहा था कि वो महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा आजादी देंगे।

महिलाओं के लिए इस्तेमाल किया ‘नॉटी वुमन’ शब्द
CNN को दिए गए एक इंटरव्यू में जब सिराजुद्दीन हक्कानी से तालिबानियों के डर से घर के बाहर नहीं निकलने वाली महिलाओं पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- हम ‘नॉटी वुमन’ को घर में रखते हैं। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा- ‘नॉटी वुमन’ से मतलब उन महिलाओं से है, जो दूसरों के कहने पर सरकार को सवालों के घेरे में खड़ा करती हैं।

तालिबानी फरमानों से मुकर गए हक्कानी
हिजाब से संबंधित एक सवाल के जवाब में हक्कानी तालिबानी फरमानों से मुकरते नजर आए। उन्होंने कहा- हम चाहते हैं कि महिलाएं कम से कम एक हिजाब पहने। वो चेहरा दिखा सकती हैं। हाल ही में तालिबान ने फरमान जारी कर कहा था महिलाओं को पब्लिक के बीच चेहरा कवर करना ही होगा और सार्वजनिक जगहों पर बुर्का पहनना ही होगा।