(www.arya-tv.com) संगम नगरी प्रयागराज में शुक्रवार की देर शाम मानसून की पहली बारिश हुई। कुछ देर झमाझम बारिश होने के बाद फिर रुक-रुककर बारिश होती रही। हालांकि पिछले 24 घंटे के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है और यह 41 डिग्री रहा। मिनिमम तापमान में बारिश के बाद भी कोई खास अंतर नहीं आया है। यह 29 डिग्री सेल्सियस रहा है। सुबह का तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया है। बारिश केवल 25 मिलीमीटर ही दर्ज की गई। बारिश के बाद आधा शहर अंधेरे में डूब गया। करीब 5 घंटे तक बिजली नहीं आई, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
बारिश के बाद उमस ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार देर रात हुई बारिश के बाद उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। इससे आर्द्रता बढ़कर 69% पहुंच गई है। आर्द्रता बढ़ने से तापमान में तो थोड़ी राहत रही है पर उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने शुक्रवार की रात थोड़ी राहत जरूरी दी है।
इस सप्ताह ऐसे ही रहेगा तापमान
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम वायुमंडलीय विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शैलेंद्र राय ने बताया कि इस सप्ताह मौसम के ऐसे ही रहने का पूर्वानुमान है। 25 जून को तेज बारिश होने की संभावना है। इसके बावजूद भी तापमान में कोई खास अंतर नहीं आएगा। इस सप्ताह का मिनिमम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहेगा। आर्द्रता बढ़ेगी और तापमान में स्थिरता रहेगी।