वार्ड विद्यावती तृतीय: कई महीनों से नाली जाम, गंदगी से परेशान लोग; शिकायत के बाद भी संतोषजनक सफाई नहीं

Lucknow
  • वार्ड विद्यावती तृतीय: कई महीनों से नाली जाम, गंदगी से परेशान लोग; शिकायत के बाद भी संतोषजनक सफाई नहीं
  • नगर आयुक्त से की गई शिकायत, विद्यावती वार्ड तृतीय में लोगों में आक्रोश
  • जल्द ही कार्यवाही होगी: विकास सिंह जोनल अधिकारी जोन 8

लखनऊ। राजधानी के विद्यावती वार्ड तृतीय में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र में एसएस 1114 सेक्टर एच एलडीए कालोनी कई महीनों से कूड़े के ढेर के कारण नाली जाम पड़ी हुई है, जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर सफाई सुपरवाइजर अविनाश कुमार से कई बार शिकायत की गई, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि होली जैसे बड़े त्योहार के गुजर जाने के बाद भी क्षेत्र की समुचित सफाई नहीं कराई गई।

बताया जा रहा है कि लोगों के लगातार दबाव के बाद सफाई कर्मियों द्वारा कुछ कूड़ा उठाया गया, लेकिन सफाई कार्य अधूरा और असंतोषजनक रहा। नाली में जमे कूड़े और गंदगी के कारण जल निकासी अब भी बाधित है, जिससे क्षेत्र में मच्छरों और बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

मामले से नाराज स्थानीय निवासियों ने नगर निगम के नगर आयुक्त गौरव कुमार से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि संबंधित सुपरवाइजर अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित नहीं कर रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाली की पूरी तरह सफाई कराकर क्षेत्र को गंदगी से मुक्त नहीं कराया गया, तो वे नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इलाके में इस लापरवाही को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।