(www.arya-tv.com)रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन एक दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं। पुतिन सोमवार सुबह भारत पहुंचेंगे और देर शाम मॉस्को के लिए रवाना हो जाएंगे। हालांकि, नई दिल्ली में उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुतिन की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों में कई समझौते हो सकते हैं। पुतिन की इस यात्रा पर अमेरिका की भी पैनी नजर होगी। भारत और रूस के बीच पहली बार 2+2 बातचीत होगी। ये काफी अहम है।
डिफेंस सेक्टर पर दुनिया की नजरें
रूसी मीडिया के मुताबिक, पुतिन की एक दिवसीय यात्रा के दौरान दोनों देशों ट्रेड, एनर्जी, कल्चर, डिफेंस, स्पेस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में करीब 10 समझौते कर सकते हैं। डिफेंस सेक्टर पर दुनिया की नजरें ज्यादा होंगी। दो समझौतों से अमेरिका पहले ही कुछ परेशान है। ये हैं S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम और दूसरा है अमेठी में AK-203 राइफलों का प्रोडक्शन। यहां साढ़े सात लाख AK-203 राइफलें बनाई जानी हैं। दुनिया में पहली बार यह राइफलें रूस से बाहर बनाई जानी हैं।
भारत पर प्रतिबंधों की धमकी
भारत और रूस के बीच जब S-400 पर समझौता हुआ तो अमेरिका इससे नाराज हो गया। उसने अपने स्पेशल एक्ट के जरिए भारत पर प्रतिबंधों की धमकी दी। ये इसी मामले में वो तुर्की पर लगा चुका है। हालांकि, S-400 की डिलीवरी शुरू हो चुकी है और अमेरिका इस पर ज्यादा कुछ नहीं कर सका है। माना जा रहा है कि भारत अब S-400 के साथ S-500 पर भी बातचीत कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो अमेरिकी रिएक्शन का इंतजार रहेगा।