Uttrakhand: नशा माफियाओं पर नकेल…रगों में नशा घोलकर खड़ा किया महल, अब कुर्की करेगी पुलिस

Uncategorized

हल्द्वानी। लोगों की रगों में नशा घोलकर खुद का महल खड़ा करने वाले नशा माफियाओं पर चौतरफा वार करने की तैयारी है। इस चौतरफा वार में पुलिस के साथ तीन और विभाग खड़े होंगे। इनमें जिला विकास प्राधिकरण, इनकम टैक्स, आरटीओ शामिल होगी। पुलिस मुख्यालय ऐसे नशा तस्करों को लेकर न सिर्फ सख्त हो गया, बल्कि सभी जिलों के कप्तानों को इनकी संपत्ति कुर्क करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। प्राथमिक चरण में नैनीताल पुलिस ने भी ऐसे दो नशा माफिया चिह्नित किए हैं, जिन्होंने स्मैक, चरस और नशीले इंजेक्शन जैसा अन्य नशा बेच कर बेतहाशा दौलत जमा की है।

नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए कुछ दिन पहले एडीजी एलओ डॉ.वी. मुरूगेशन ने प्रदेश के दोनों मंडल के आईजी, सभी जिलों के कप्तानों और एसटीएफ को निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए उन्हें आर्थिक तौर पर तोड़ना होगा। इसके लिए जरूरी है कि पिछले पांच सालों में पकड़े गए ऐसे नशा माफिया को चिह्नित किया जाए, जो व्यवसायिक मात्रा के साथ गिरफ्तार किए गए हों।

निर्देशित किया गया कि इसके लिए जिला विकास प्राधिकरण, इनकम टैक्स, आरटीओ जैसे सभी विभागों को साथ लिया जाए। देखा जाए कि पिछले पांच सालों में इन माफिया ने क्या-क्या संपत्ति अर्जित की है। सभी अर्जित चल-अचल संपत्ति को सूचीबद्ध कर उनकी कुर्की की जाए।

एसपी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पहले चरण में नैनीताल जिले में ऐसे दो नशा माफिया चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें व्यवसायिक मात्रा के साथ गिरफ्तार किया गया था। इनकी संपत्ति का ब्यौरा जुटा लिया गया है, जिसे दिल्ली भेजा जा रहा है। जल्द ही इनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। जिसके बाद अगले नशा माफिया पर नकेल कसी जाएगी।

ऊधमसिंह नगर में कुर्क होगी 6.70 करोड़ रुपए की संपत्ति
हल्द्वानी : मुख्यालय से निर्देश के बाद ऊधमसिंह नगर पुलिस एक्टिव नजर आ रही है। जिले के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दो बड़े तस्करों की करीब 6.70 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ये नशा तस्कर रिफाकत स्मैक का डीलर है और दूसरा संजय गुप्ता गांजा तस्कर है। दोनों की संपत्तियों की कुर्की के लिए सक्षम प्राधिकरण, नई दिल्ली में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गढ़वाल में 33 और कुमाऊं में 44 नशा माफिया चिह्नित
हल्द्वानी : एडीजी एलओ डॉ.वी.मुरूगेशन के मुताबिक, गढ़वाल में पुलिस ने ऐसे 33 नशा माफिया चिह्नित किए हैं, जिन्हें व्यवसायिक मात्रा में नशे के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह कुमाऊं में 44 नशा माफिया चिह्नित किए गए हैं। खास बात यह है कि इन सभी की जांचे अभी तक लंबित चल रही हैं। ऐसी जांचों को एक माह के भीतर निपटाने के साथ साक्ष्यों के आधार पर गैंगेस्टर एक्ट, पिट एनडीपीएस एक्ट और एसडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए संपत्ति अधिग्रहण की जाए। इसके अलावा इनकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जाएगी।