उत्तर प्रदेश में अब पड़ेगी ठिठुरने वाली सर्दी… तापमान में गिरावट जारी

# ## Environment

उत्तर प्रदेश में जल्द ही ठिठुरने वाली सर्दी पड़ने जा रही है। तापमान में गिरावट जारी है जो आने वाले दिनों में और तेज होगी। इस बीच अगले 4-5 दिनों के अंदर न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होना संभव है।

फिलहाल अलीगढ़, आगरा, कानपुर और अमेठी में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया है। वहीं, राजधानी लखनऊ समेत अयोध्या, कुशीनगर, वाराणसी, आजमगढ़ और गोरखपुर में भी सुबह और रात का कोहरा पड़ने लगा है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश में मौसम फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में ठंडी पछुआ और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में शुरू हुई गिरावट आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है। बताया गया कि राज्य में कोई सक्रिय मौसम तंत्र न होने के कारण ठंडी हवाओं का प्रभाव दिख रहा है। अगले 4 से 5 दिनों के अंदर न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक गिरावट होना संभव है।

कुलमिलाकर नवंबर के आखिरी सप्ताह में उत्तर प्रदेश में जाडो की जोरदार दस्तक होने वाली है। तमाम इलाकों में लगातार पारा गिर रहा है तो वहीं कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना भी बनी हुई है। इस हालात में मौसम विभाग ने लोगों से सुबह घर से निकलते वक्त सावधानी बरतने और धुंध के समय वाहन धीमी रफ्तार से चलाने की सलाह दी है। ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ना तय है।

अधिकांश जिलों में दृश्यता प्रभावित होगी

आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 11-15 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 26-28 नवंबर के बीच तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की संभावना है। सुबह कोहरा और धुंध छाए रहने से अधिकांश जिलों में दृश्यता प्रभावित होगी। मौसम विज्ञान विभाग ने सुबह के समय हल्के कोहरे के साथ मुख्य रूप से धूप खिली रहने और उसके बाद दिन में धुंध भरी धूप रहने का अनुमान जताया है।