उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नौकरी का झांसा देकर पश्चिम बंगाल की एक युवती को देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया गया। युवती की बहादुरी और पुलिस की मुस्तैदी ने न केवल इस घिनौने रैकेट का पर्दाफाश किया, बल्कि शहर के कई होटलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुख्य घटनाक्रम
घटना की शुरुआत तब हुई जब पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक युवती को ‘कोलकाता के दादा’ नाम के एक शख्स और कानपुर के रोहित वर्मा ने नौकरी दिलाने का लालच दिया। लेकिन कानपुर पहुँचते ही युवती को बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कानपुर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। इस अभियान का नेतृत्व तीन तेज-तर्रार IPS अधिकारी कर रहे हैं। इनमें सुमित सुधाकर रामटेके (ADCP क्राइम), शिवा सिंह (ADCP लाइन) और सुमेध एम जाधव (ट्रेनी IPS व प्रभारी निरीक्षक, कल्याणपुर) शामिल हैं।
भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों, विशेषकर कल्याणपुर क्षेत्र के होटलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कोलकाता के ‘दादा’ की तलाश जारी है। आपको बताते चले कि आरोपी रोहित वर्मा के पास से न्यूज पोर्टल का आई डी कार्ड और शहर के कई होटल्स के नाम नंबर की लिस्ट भी बरामद हुई है।
ADCP शिवा सिंह ने कहा- “युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मुख्य आरोपी गिरफ्त में है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर के होटलों में सुरक्षा और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी।”
होटलों में मचा हड़कंप
आरोपी रोहित वर्मा के पास से होटल्स की लिस्ट मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने होटल्स पर छापेमारी की। सर्चिंग अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध होटलों पर छापेमारी की। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर कई होटलों के बुकिंग रजिस्टर जब्त कर लिए गए हैं। वर्तमान में पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस रैकेट के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। कानपुर पुलिस का यह सर्चिंग अभियान फिलहाल जारी है।
