मैनपुरी में अफवाह बनी आफत:बेटी बेचने के शक में पिता की बेरहमी से पिटाई

UP

(www.aryatv.com)उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक युवक को बंधक बनाकर पिटाई करने का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि शहर कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला हरजीत नगर में रविवार को बेटी बेचने के शक मोहल्ले के लोगों ने युवक को बंधक बना लिया। इससे बाद उसे पीटा गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। एक आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

एक अफवाह ने युवक की ले ली जान

फिरोजाबाद जिले के मलापुर थाना क्षेत्र के सिरसागंज निवासी सर्वेश दिवाकर (40 साल) बीते छह सालों से मैनपुरी में मोहल्ला हरजीत नगर में रमेश सिंह के मकान में किराए पर रह रहा था। वह हलवाई का काम करता था। रक्षाबंधन पर उसकी पत्नी सुनीता दो बेटों के साथ मायके कोलकाता चली गई थी। वह 15 साल की बेटी हेमा के साथ रह रहा था। चार दिन पहले उसकी बेटी नोएडा में रहने वाले एक परिचित के पास चली गई। इसी बीच किसी ने अफवाह उड़ा दी कि सर्वेश ने बेटी बेच दी है। इस बात को लेकर उसकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ने के बाद दबंगों ने उसकी पिटाई कर दी। आस पड़ोस के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई।

एक आरोपी अभी फरार

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय ने बताया कि, पिटाई का वीडियो संज्ञान में आया है। आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पांच लोगों पर केस दर्ज किया गया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है।