(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में कोरोना काफी हद तक कंट्रोल में है। इसके चलते प्रदेश के 61 जिलों में आज से अनलॉक शुरू हो गया। इन जिलों में एक्टिव केस 600 से कम हैं। यहां आज से सुबह 7 से शाम 7 बजे बाजार और दुकानें कोविड प्रोटोकॉल के तहत खुलेंगी। हालांकि, शनिवार-रविवार यानी वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। फिलहाल, इन जिलों में स्कूल-कॉलेज और शॉपिंग मॉल बंद रहेंगे। सिर्फ ऑनलाइन क्लास चलेंगी।
वहीं, बीते 24 घंटे में प्रदेश में 3.12 लाख टेस्टिंग में महज 0.5% यानी 1,497 संक्रमित मिले हैं। दो माह बाद इतने कम नए केस आए हैं। इससे पहले 28 मार्च को 1,447 केस मिले थे। यूपी में रिकवरी रेट बढ़कर 96.6% हो गया है। हालांकि, चिंता की बात यह है कि 24 घंटे में प्रदेश में 151 संक्रमितों की मौत हुई है।
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में आज से +18 आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया। इसके अलावा 4 जून से सभी जिलों में सीरो सर्वे शुरू किया जाएगा। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि कितने लोगों में कोरोना से लड़ने की एंटीबॉडी बनी हैं।
एक महीने में 88% कोरोना केस घटे
यूपी में अब तक 16.91 लाख लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि कुल संक्रमितों का 96.6% यानी 16.33 लाख कोरोना को मात भी दे चुके हैं। एक माह में 88 फीसदी कोरोना केस घटे हैं। 30 अप्रैल को सर्वाधिक 3,10,783 एक्टिव केस थे जो अब घटकर 37,044 हैं। यानी इनका अभी इलाज चल रहा है। इनमें से 20,762 लोग अपने घरों में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। बाकी सरकारी और प्राइवेट कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं। अब तक प्रदेश में 4.94 करोड़ लोगों की टेस्टिंग हो चुकी है। अब तक कुल 20,497 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
जून के अंत में आएगा सीरो सर्वे का रिजल्ट
4 जून से प्रदेश के सभी 75 जिलों में सीरो सर्वे शुरू होगा। इससे पता लगाया जाएगा किस जिले के किस क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण कितना फैला और आबादी का कितना हिस्सा संक्रमित हुआ। इससे यह भी पता लगेगा कि अब तक कोरोना से लड़ने के लिए कितने लोगों में एंटीबॉडी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री की अगुवाई में टीम-9 की बैठक में यह तय हुआ है कि सैंपलिंग कर आयु समेत अन्य विभिन्न मानकों पर सर्वेक्षण की रिपोर्ट तैयार होगी। इसके लिए जिलेवार कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। परिणाम जून माह के अंत तक आने की संभावना है।
4 करोड़ वैक्सीन खरीदने के लिए ग्लोबल टेंडर को मंजूरी
18 से 45 वर्ष आयु तक के सभी लोगों का निशुल्क टीकाकरण के लिए प्रदेश सरकार ने 4 करोड़ वैक्सीन के ग्लोबल टेंडर को मंजूरी दी है। इस पर 800 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह मंजूरी सोमवार की शाम हुई कैबिनेट की बैठक में दी गई।
इन जिलों में कोई छूट नहीं, क्योंकि यहां 600 से अधिक एक्टिव केस
प्रदेश में 75 जिलों में से 61 जिलों में आज से दुकानें सुबह 7 से शाम 7 बजे तक के लिए खोल दी गई हैं। लेकिन मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी, गाजियाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, झांसी, लखीमपुर खीरी, जौनपुर और गाजीपुर में 600 से अधिक एक्टिव केस हैं। यहां कोई छूट नहीं दी गई है। यानी यहां कोरोना कर्फ्यू पहले ही तरह ही लागू रहेगा।
मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि 600 से अधिक एक्टिव केस वाले जिलों में कोई छूट नहीं दी जा रही है। यदि किसी जिले में एक्टिव केस 600 से कम हो जाते हैं तो वहां छूट अपने आप में अमल में लाई जाएगी। इसके बाद यदि केस बढ़ जाते हैं तो वहां ढील खत्म कर दी जाएगी।