(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में सोमवार के मुकाबले आज ठंड कुछ कम है। हवा की स्पीड भी कम हुई है। इसके बावजूद समूचा उत्तर भारत कोल्ड वेव की चपेट में है। पूर्वांचल के शहरों में अभी 9 किमी प्रति घंटे, तो पश्चिमी UP के शहरों में 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा बह रही है। मंगलवार को मेरठ सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का तापमान 2.8°C तक पहुंच गया। इसके बाद सहारनपुर 5°C, लखनऊ में 6°C, झांसी में 6.2°C, प्रयागराज में 7°C, कानपुर में 7.4°C, वाराणसी में 8°C तापमान रहा।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रकोप कम हुआ
3 दिनों से चल रहे पश्चिमी विक्षोभ का प्रकोप कम हुआ है जिससे ठंड से राहत मिली है। हालांकि इसके बावजूद आज की धूप बेअसर है। वाराणसी में 9 किमी की रफ्तार से अभी भी बर्फीली हवा बह रही है। दोपहर तक इसके कम होने के आसार हैं। पूरे उत्तर प्रदेश की बात करें तो इस समय दिन और रात दोनों पहर का तापमान सामान्य से 4-5°C नीचे ही बना है। सोमवार के आंकड़ों के अनुसार, मेरठ में न्यूनतम 3.3°C, आगरा में 4°C, झांसी में 4.5°C, लखनऊ में 5.5°C और वाराणसी 5.5°C तापमान रहा। यह सामान्य से 5°C कम दर्ज किया गया। वहीं, दिन का तापमान भी 18°C तक आ चुका है।
शहरों का संभावित तापमान [आने वाले दिनों में]
शहर | 22 दिसंबर | 23 दिसंबर |
कानपुर | 23/8 | 23/9 |
वाराणसी | 23/7 | 23/7 |
लखनऊ | 27/7 | 23/9 |
आगरा | 23/8 | 23/9 |
प्रयागराज | 23/8 | 24/9 |
(तापमान अधिकतम/न्यूनतम °C में )
2 दिन बाद हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ का दूसरा झोंका
BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 2 दिन की मामूली राहत के बाद फिर ठंड बढ़ेगी। 22 दिसंबर से हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ का दूसरा झोंका आने वाला है, जो कि स्नो फॉल और बर्फ के छोटे तूफान की तरह होगा। इससे आसार है कि 23 दिसंबर से दोबारा कड़ाके की सर्दी पड़े। इसके साथ ही कोहरा वाले दिन भी नजदीक हैं। उन्होंने बताया कि UP के ऊपरी हिस्से यानि कि नेपाल बॉर्डर के पास वाले जिलों में घना कोहरा भी छाया हुआ है।
पहाड़ों पर बर्फ पड़ने से हवा नम
उधर, मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. शमीम ने बताया कि अगले 72 घंटों में वेस्ट UP के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फ पड़ने से नम हवा पश्चिमी विक्षोभ के साथ बहकर वेस्ट UP तक आ सकती है। उनका कहना है कि आने वाले सप्ताह में ठंड और भी ज्यादा घातक होगी। सोमवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 19.8°C और रात का न्यूनतम तापमान 3.3°C रिकॉर्ड किया गया। जबकि अधिकतम नमी 80 और न्यूनतम 30% बताई गई।