लखीमपुर चीरहरण मामले में पुलिस की कार्रवाई:12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, एक गिरफ्तार

UP

(www.arya-tv.com)लखीमपुर में ब्लॉक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान पसगवां ब्लाक में सपा प्रत्याशी रीतू सिंह की साड़ी खींचने का प्रयास किया गया। इस मामले में शुक्रवार को पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ नामजद और एक दर्जन लोगों के खिलाफ अज्ञात में छेड़छाड़, लूट और मारपीट में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक को गिरफ्तार भी किया है।

सपा नेत्री को अखिलेश ने बुलाया लखनऊ

लखीमपुर जिले के पसगवां ब्लॉक में गुरूवार को नामांकन के दौरान बवाल हुआ। आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने सपा प्रत्याशी रीतू सिंह का नामांकन नहीं होने दिया। उनकी साड़ी खींची गयी। ब्लाक में दाखिल हो रहीं प्रत्याशी की प्रस्तावक अनीता को सड़क से खींच लिया गया। उनके साथ मारपीट हुई। इसके बाद सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष क्रांति कुमार सिंह को गेट से खींच लाए। उनको बंधक बनाने का प्रयास किया। मामले के तूल पकड़ते ही सपा सुप्रीमों ने रीतू सिंह को लखनऊ बुला लिया है। आज वह अखिलेश यादव से मुलाकात कर सकती हैं।

अखिलेश-प्रियंका के विरोध पर सक्रिय हुई सरकार

इस मामले को लेकर अखिलेश यादव समेत प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट किया था। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि ‘कानून व्यवस्था की आंख पर पट्टी बांधकर, लोकतंत्र का चीरहरण चल रहा है।’ जबकि अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा है कि ‘ चुनाव जीतने के लिए बीजेपी नारी का अपमान करने पर तुली हुई है।’ अखिलेश ने वीडियो में शामिल लोगों को योगी के गुंडे कहकर संबोधित किया है।

सपा का आरोप पुलिस के सामने हुआ बवाल

समाजवादी पार्टी का आरोप है कि सपा प्रत्याशी रीतू सिंह का नामांकन भाजपाइयों ने नहीं होने दिया। आरओ के सामने से पर्चा छीन कर फाड़ दिया गया। पुलिस मूकदर्शक बनी खड़ी रही। बहरहाल, शुक्रवार को पुलिस ने एक को इस मामले में गिरफ्तार किया है।