UP Crime News: 50 हजार का इनामी गोतस्कर गैंग का सरगना गिरफ्तार, STF ने चंदौली से दबोचा

# ## UP

एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी गोतस्कर गैंग के सरगना को चंदौली से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त ने गोतस्करी का नेटवर्क पूरे देश में फैला रखा है। उस पर विभिन्न जिलों में 14 मुकदमे कायम हैं। वह गिरफ्तारी के भय से दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जिलों में जाकर छिप कर रह रहा था।

एसटीएफ प्रवक्ता के मुताबिक, प्रदेश के रामपुर जिले के थाना अजीम नगर के गांव नगलिया आकिल निवासी खलील पुत्र रफीक उर्फ रतिक कुख्यात गोतस्कर गैंग का सरगना हैं। वह एक एक गैंग बनाकर यूपी, हरियाणा, पंजाब, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में गोवंश की तस्करी करता है। अभियुक्त के खिलाफ चंदौली, गाजियाबाद, शामली, कुशीनगर, हरदोई, रामपुर और उन्नाव जिलों के थानों में गोतस्करी समेत अन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले कई सालों से फरार चल रहा था। अदालत ने अभियुक्त के मकान की कुर्की भी कर ली है। वह पुलिस से छिप कर बिहार, हरियाणा, मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और कोलकाता में रह रहा था।

एसटीएफ के एडीशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने सुरागसी की तो पता चला कि अभियुक्त खलील चंदौली जिले में गैंग के सदस्यों से मिलने आया है। टीम ने रविवार को चंदौली स्थित दिल्ली-कोलकाता हाई-वे स्थित गांव दीग्घी के मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।