नेपाल की बाढ़ से यूपी-बिहार अलर्ट:नेपाल से बहने वाली नदी का डैम टूटा, यूपी के 6 से ज्यादा गांव डूबे

Environment UP

(www.arya-tv.com)नेपाल में भारी बारिश से सिंधुपालचोक, लामगुंज, नवलपरासी और रुपनदेही समेत कई जिलों में बाढ़ से तबाही का आलम है। इसका असर नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश और बिहार के जिलों में भी देखने को मिल रहा है। नेपाली नदी ‘महाव नाले’ पर बना डैम 4 जगहों से टूट गया है। इस कारण उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में 6 से ज्यादा गांव डूब गए हैं। लोगों के घरों में पानी भर गया है और लोग बाहर भी नहीं निकल पा रहे। प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

इन गांवों में हालत खराब
महाराजगंज में सबसे खराब हालत खैरहवा दूबे, दोगहरा,विशुनपुरा,अमहवा,मोहनपुर जैसे गांवों में हैं। प्रशासन के मुताबिक, नेपाली नदी महाव पर भारतीय सीमा में बने डैम में 4 जगह से दरारें आने की वजह से इन गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है।

बाढ़ से प्रभावित खैरहवा दूबे गांव के रहने वाले चंद्रशेखर सिंह बताते हैं कि अचानक आई बाढ़ ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है। अचानक घरों में पानी घुस गया। सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। खाने-पीने की चीजें भी पानी में डूब गई। विशुनपूरा निवासी सफात अली बताते हैं कि बाढ़ आने से फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गईं हैं। बेटी की शादी के लिए जुटाए गए सारे सामान भी पानी में डूब गए हैं।

भारत से महज 10 किलोमीटर दूर आई बाढ़
नेपाल में जिन नवलपरासी और रुपनदेही जिले में बाढ़ के हालात हैं। उसकी दूरी भारत बॉर्डर से महज 10 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा सिंधुपालचोक और लामगुंज जिले भारत बॉर्डर के सोनौली से करीब 80 से 100 किलोमीटर की दूरी पर हैं। ये सभी जिले पहाड़ों पर बसे हैं। इसलिए यहां हालात ज्यादा खराब हैं।

नेपाल में क्या है हालत?

  • नेपाल में लगातार बारिश के चलते तीन नदियां नारायणी, गंडक और त्रिशूली उफनाई हुई है।
  • बाढ़ और भूस्खलन के चलते अब तक 7 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। 50 से ज्यादा लापता हैं।
  • चार जिलों में रहने वाले करीब 10 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं।
  • नदी की तेज धार अब शहरों की तरफ बढ़ रही है। अगर समय रहते ये नहीं रूकी तो शहरों में भी हालत खराब हो जाएंगे।
  • बाढ़ के चलते सड़कें बह गईं हैं, बिजली के खंभे टूट गए हैं।
  • सिंधुपालचोक में 2 मेन पुल और 5 सहायक पुल बह गए हैं।
  • सोनौली बॉर्डर से सटे नेपाल के भूटवल जिले से नेपाल का संपर्क कट गया है।
  • हेलीकाप्टर से किया जा रहा है रेस्क्यू
    नेपाल में बिगड़ते हालात को देखते हुए सेना को उतरना पड़ा है। सेना हेलीकाप्टर से लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह पहुंचा रही है। वहीं भारतीय सीमा से सटे नेपाल के नवल परासी जिले में भी लगभग 200 घर पानी से डूबे हुए हैं। नवल परासी के जिलाधिकारी धर्मेंद्र मिश्र ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है। लमजुंग जिले में भी दर्जनों घर पानी में डूबे हुए हैं। वहां पावर हाउस के बाढ़ के चपेट में आने से 3 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है।
    100 से ज्यादा गाडियां रास्तों में फंसी है
    भूटवल के ट्रैफिक एसपी डम्बर बहादुर बिक ने बताया कि स्थिति बहुत ही भयावह है। ऐसे ही बारिश होती रही तो जान माल का खतरा और बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि 100 से ज्यादा आवश्यक आपूर्ति सेवाओं के ट्रक रास्तों में फंसे है। लगभग इतनी ही सवारी गाडियां भी रास्तों में फंसी हुई है। कहीं रास्ता कट गया है तो कहीं भूस्खलन होने की वजह से रास्ता जाम हो गया है। जिसकी वजह से इनकी जान पर खतरा भी बना हुआ है।