(www.arya-tv.com)केंद्र सरकार के नए कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस आज देश भर में किसान अधिकार दिवस मना रही है। जगह-जगह प्रदर्शन भी हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में MLC दीपक सिंह समेत अन्य नेता-कार्यकर्ता राजभवन का घेराव करने के लिए अपने आवास से निकले। लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद लल्लू और अन्य नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी को धरना स्थल इको गार्डन ले जाया गया है।
हमें घेराव से कोई रोक नहीं सकता
अजय लल्लू ने कहा कि हमें राजभवन का घेराव करने से कोई रोक नहीं सकता है। उत्तर प्रदेश सरकार की पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ तानाशाही कर रही है। लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम राजभवन का घेराव करने जा रहे थे। हमें हमारे सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हमारे तमाम नेताओं को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया है। यह पूरी तरीके से तानाशाही रवैया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की पुलिस किसी भी आंदोलन को ना करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। हम किसानों के साथ हैं। किसानों के लिए हम लड़ाई जारी रखेंगे।
आराधना मिश्रा को किया गया नजरबंद
कांग्रेस की विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना को उनके सरकारी आवास पर पुलिस ने सुबह से ही नजरबंद कर दिया था। MLC दीपक सिंह को भी पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष के साथ हिरासत में लिया है। इससे कांग्रेसी नेताओं में आक्रोश है।
