UP में आज झाड़ू लगाएगी कांग्रेस:CM योगी के बयान पर प्रियंका की गांधीगीरी

# ## UP

(www.arya-tv.com)कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान को बड़ा मुद्दा बनाया है। प्रियंका ने ​शुक्रवार को करीब 4 बजे लखनऊ के इंदिरा नगर की दलित बस्ती लवकुश नगर पहुंचीं। यहां वाल्मीकि आश्रम में झाड़ू लगाई। प्रियंका ने कहा कि झाड़ू लगाना स्वाभिमान और सादगी का प्रतीक है। रोज करोड़ों महिलाएं और सफाईकर्मी झाड़ू लगाते हैं।

प्रियंका ने आगे कहा था कि मुख्यमंत्री योगी ने जातिवादी बयान देकर अपनी दलित विरोधी मानसिकता दिखाई है। देश के करोड़ों दलितों और महिलाओं का अपमान भारत बर्दाश्त नहीं करेगा। कल (शनिवार को) उत्तर प्रदेश की सभी जिला कांग्रेस कमेटियां भगवान वाल्मीकि मंदिर में सफाई करेंगी।

सीएम ने कहा था- जनता ने प्रियंका को झाड़ू लगाने लायक बनाया
दरअसल, सीएम योगी शुक्रवार को गोरखपुर में थे। उन्होंने यहां एक टीवी कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान सीतापुर गेस्ट हाउस में हिरासत में रहीं प्रियंका गांधी के झाड़ू लगाने की बात पर सीएम ने कहा कि जनता उन्हें उसी लायक बनाना चाहती है और बना भी दिया है। इनके पास उपद्रव और नकारात्मकता फैलाने के अलावा कोई काम नहीं है।

उन्होंने आगे कहा था, ‘मैं प्रियंका, राहुल और अखिलेश से पूछना चाहता हूं कि कोरोना काल में ये सभी लोग कहां थे? मार्च से प्रदेश कोरोना ग्रस्त है। 24 करोड़ की आबादी यूपी में रहती है। कोरोना हमारे लिए सबसे ज्यादा क्रिटिकल पॉइंट था। हम जानते थे कि इस महामारी के बाद जो पलायन होगा, उससे यूपी सबसे ज्यादा प्रभावित होगा। सपा, बसपा, कांग्रेस के नेता जो आजकल पॉलिटिकल टूर कर रहे हैं, उनमें से कितने लोग जनता के दुख-दर्द को बांट रहे थे। उस वक्त केद्र, UP सरकार और भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा था।’

सरकार के प्रवक्ता ने प्रियंका पर किया पलटवार

प्रियंका गांधी पर सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, देर आए दुरुस्त आए। प्रियंका वाड्रा पर ये मुहावरा एकदम दुरुस्त पड़ता है, जब मोदी जी ने 2014 में स्वच्छता अभियान शुरू किया था तो कांग्रेस ने कहा था कि मोदी जी झाड़ू लगाते हैं। आज हम कोई टिप्पणी नहीं कर रहे। आपके साथ पूरी कांग्रेस भी जुड़े।

सीतापुर गेस्ट हाउस में प्रियंका ने लगाई थी झाड़ू
लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने के लिए प्रियंका गांधी तीन अक्टूबर की शाम लखनऊ पहुंच गई थीं। इसके बाद लखीमपुर जाते समय 4 अक्टूबर सुबह 4:30 बजे पुलिस ने उन्हें सीतापुर जिले में हरगांव बॉर्डर पर हिरासत में ले लिया था। इस दौरान प्रियंका की पुलिस अफसरों से तीखी बहस भी हुई। इससे पहले उनका हिरासत में लेने के बाद सीतापुर के गेस्ट हाउस में झाड़ू लगाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो आने के बाद पीएसी गेट पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी झाडू लगाई थी। उनका यह वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।