लखनऊ विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर जून 2026 की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार स्नातक, परास्नातक एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के नियमित, बैक पेपर, इम्प्रूवमेंट एवं एक्जेम्प्टेड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों को छोड़कर अन्य सभी पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। नियमित छात्रों को केवल ऑनलाइन फॉर्म भरकर उसकी प्रति सेमेस्टर शुल्क रसीद के साथ अपने विभागाध्यक्ष या संकायाध्यक्ष कार्यालय में जमा करनी होगी।
वहीं बैक पेपर, इम्प्रूवमेंट एवं एक्जेम्प्टेड श्रेणी के छात्रों को परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करते हुए फॉर्म संबंधित विभाग में जमा करना होगा। विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी फॉर्म ऑनलाइन अग्रसारित कर उनकी सूची 16 अप्रैल तक परीक्षा विभाग में अनिवार्य रूप से जमा कराएं। सहयुक्त महाविद्यालयों के छात्रों को भी अपने-अपने कॉलेज में फॉर्म जमा करना होगा, जिसे कॉलेज लॉगिन के माध्यम से विश्वविद्यालय को भेजा जाएगा।
आवेदन में परेशानी आए तो करें संपर्क
फॉर्म भरने में किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या होने पर छात्र हेल्पलाइन नंबर 7897999211, 7897992064, व्हाट्सएप 7897992062, लैंडलाइन 0522-4150500 या ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने छात्रों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।
