उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस के एक्शन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जहां एक ही गैस एजेंसी से चोर दो बार में 26 भरे सिलेंडर चोरी करके ले गए। पुलिस अब तक कुछ नहीं कर पाई है। जानकारी के मुताबिक चोर गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और 14 भरे हुए गैस सिलेंडर ले गए।
पुलिस के हाथ अब तक खाली
हैरानी की बात ये है कि कुछ दिन पहले भी इसी एजेंसी से 12 भरे सिलेंडर चोरी हो चुके हैं। मामले में शिकायत पहले भी दर्ज कराई गई थी, दोबारा से भी दर्ज कराई गई है। लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। एजेंसी मैनेजर के मुताबिक, करीब 90 हजार रुपये का नुकसान हो चुका है।
एमपी पुलिस और जिला प्रशासन ने चलाया अभियान
वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के मैहर में जमाखोरों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया है। जिले में अवैध डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया है।
अवैध डीजल और गैस सिलेंडर बरामद
इस दौरान करीब 20 हजार लीटर अवैध डीजल और भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए गए। हालांकि अधिकारियों के पहुंचने की खबर मिलते ही कई ढाबा संचालक मौके से फरार हो गए। छापेमारी में अमरपाटन क्षेत्र से 14 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
अब तक 9 के खिलाफ केस दर्ज
इसके अलावा, ढाबों की तलाशी में कुल 47 लीटर अवैध शराब भी मिली है। पुलिस ने बताया कि अब तक 9 मामले दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई अभी जारी रहेगी।
