बरेली में खूनी संघर्ष:गन्ना हम काटेंगे…ऐलान के बाद बरसाई 20 गोलियां

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) बरेली में बुधवार शाम गोलियां बरसाकर 3 लोगों की हत्या कर दी गई। ये सनसनीखेज वारदात फरीदपुर के गोविंदपुर गांव में हुई। यह गांव बरेली का है, लेकिन बदायूं जिले का बार्डर लगता है। वारदात को अंजाम देने वाला पूर्व प्रधान सुरेश पाल तोमर अपने साथ हथियारों से लैस 20 साथियों को लेकर आया था।

उसने खेत पर आते ही गोलियां बरसानी शुरू कर दी। खेत में मिले कारतूस इसकी गवाही देते हैं। इस कत्ल-ए-आम की शुरुआत 2 साल पहले हुई थी। तब भी एक व्यक्ति की हत्या हुई थी। इधर 3 महीने से फिर दोनों पक्ष आपस में झगड़ रहे थे। ये पूरा मामला 135 बीघा खेती के विवाद से शुरू हुआ था।

सरदार के झाले पर हुआ हमला

फरीदपुर के गोविंदपुर गांव में 1 हजार बीघा जमीन है, यह जमीन खादर इलाके में है। जहां पंजाब के किसानों के खादर में अहाते बने हैं, वह अपने परिवार के साथ खेती करते हैं। यह जमीन एक हजार बीघा बताई जा रही है, लेकिन आस-पास के दबंग भी 135 बीघा जमीन पर अपना दावा करते हैं।

सरदार के झाले पर बुधवार देर शाम जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। फायरिंग में सरदार परमेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह और एक अन्य की मौत हो गई। जबकि एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसरा मरने वाला किसान आरोपी सुरेशपाल तोमर गुट का बताया गया है।

2 साल पहले भी हुआ था मर्डर
अब अगर बुधवार को मौके पर दिख रहे हालात की बात करें तो यहां 135 बीघा जमीन पर गन्ने की फसल बोई हुई है। यह फसल देवेंद्र सिंह पक्ष ने बोई थी, जबकि ईंख और जमीन पर दावा पूर्व प्रधान सुरेशपाल तोमर कर रहा था। 3 महीने से दोनों पक्ष ईख काटने को लेकर झगड़ रहे थे। इसमें कुछ जमीन बिना कागजी रिकार्ड की बताई जा रही है।

2 साल पहले भी प्रशासन ने इस जमीन की नापतौल के लिए टीम भेजी थी। बता दें कि 2 साल पहले भी यहां देसी राइफल से गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। 2 दिन पहले ही फरीदपुर के तहसीलदार ने करीब 53 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

पूर्व प्रधान अपने लोगों के साथ गन्ना काटने पहुंचा था
बरेली पुलिस के अलावा बदायूं जिले की दातागंज की कटरी से होकर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, आंवला सर्किल के कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है। CO फरीदपुर गौरव सिंह ने बताया कि मरने वाले 2 पंजाब के मूल निवासी थे। पूर्व प्रधान सुरेशपाल और उसके समर्थकों पर हत्या का आरोप है।

सुरेशपाल रायपुर हंस का पूर्व प्रधान है। शाम को पूर्व प्रधान 18-20 हथियार धारी आदमी लेकर पहुंचा और धमकी दी कि ईंख हम काटेंगे। जहां परमिंद्र सिंह पक्ष ने विरोध किया। जिसके बाद सुरेश और उसके साथियों ने राइफल से ताबड़तोड़ गाेली चला दी। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। दूसरे पक्ष ने भी बचाव में फायरिंग की। करीब आधा घंटे तक फायरिंग करते रहे। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।

लखनऊ तक गूंजा ट्रिपल मर्डर
रंजिश में ट्रिपल मर्डर की सूचना से लखनऊ तक हड़कंप मचा। तिहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीणा, आईजी बरेली डॉ राकेश कुमार और SSP अखिलेश चौरसिया भी घटना स्थल पर पहुंचे।

अखिलेश चौरसिया ने बताया कि अभी तक की जांच में आया है, सुरेशपाल तोमर अपने साथ 18-20 आदमी लेकर पहुंचा था और फायरिंग कर दी। दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग की। ईंख काटने को लेकर यह विवाद हुआ। पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी।