बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आकर वेंडर की मौत, अवैध वेंडरिंग पर उठे सवाल

# ## UP

 बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमे करीब 35 वर्षीय वेंडर मुमताज की ट्रेन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि मुमताज ट्रेन में समोसे बेचने का काम करता था। सुबह करीब 8:30 के बीच वह किसी कारणवश लखनऊ से आने वाली बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका शरीर दो हिस्सों में कट गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पास के ही बंकी कस्बे का रहने वाला बताया जा रहा है।

घटना के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं इस हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरिंग को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे परिसर में अवैध वेंडरों की गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।