लखनऊ(www.arya-tv.com) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज बिजनौर का दौरा करेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी महासभा में शामिल होंगी और किसान परिवारों से मिलेंगी। चांदपुर के रामलीला मैदान में 15 फरवरी को होने वाली कांग्रेस की किसान महासभा में प्रियंका गांधी के आगमन को देखते हुए जिले के आला अधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बिजनौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को चांदपुर पहुंचेंगी। वह रामलीला मैदान में किसान महासभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम के लिए जोरों पर तैयारी चल रही हैं।
प्रियंका गांधी व कांग्रेस के बाकी नेता किसानों को कृषि कानूनों के खिलाफ जागरूक कर रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व किसानों को महापंचायत में शामिल होने के लिए संपर्क किया जा रहा है।
इससे पहले, 10 फरवरी को प्रियंका गांधी ने सहारनपुर के चिलकाना में किसान महापंचायत को संबोधित किया था। प्रियंका गांधी ने मां शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन भी किए थे। इसके अलावा रायपुर स्थित खानकाह में हजरत रायपुरी की दरगाह में जियारत की थी।