(www.arya-tv.com) बरेली में आज दस हजार से ज्यादा घरों में चूल्हा नहीं जल सका। पीलीभीत बाईपास राेड पर सड़क किनारे खुदाई कराते समय पीएनजी पाइप लाइन कट गई। जिसके चलते शहर में दोपहर तक लोगों के घरों में चूल्हे नहीं जले। इस मामले में कंपनी के अधिकारी भी चुप्पी साध गए। आनन फानन में पीएनजी पाइप लाइन की जांच कराई। जिसमें पाया गया है कि रुहेलखंड विश्वविद्यालय रोड पर खुदाई करते समय जेसीबी से कट लग गया।
अधिकारियों ने नहीं उठाए फोन
शहर में नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत अलग अलग स्थानों पर पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। पीलीभीत बाईपास रोड पर जल निगम सीवर लाइन बिछा रहा है। इसके लिए जेसीबी से खुदाई कराई जा रही है। जेसीबी से पीएनजी की मुख्य पाइप लाइन कट गई। जिसके बाद गैस की आपूर्ति को बंद कर दिया गया। लेकिन इसकी गैस उपभोक्ताओं को जानकारी नहीं हुई। जब दोपहर तक खाना नहीं बना तो अफसरों को लोग कॉल करने लगे। साथ ही एक दूसरे को कॉल कर गैस की सप्लाई न आने का कारण पूछने लगे। जिसमें कंपनी के मैनेजर ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक पाइप लाइन ठीक हो सकेगी, इसमें टीमें लगा दी गई हैं।
यह इलाके हुए प्रभावित
शहर में राजेंद्र नगर, सुरेश शर्मा नगर, जनकपुरी, एकता नगर, पीलीभीत बाईपास, सौ फुटा रोड, गुलमोहर पार्क, आईवीआरआई रोड, तुलसी नगर कई कॉलोनियों में पाइप लाइन से आने वाली गैस की सप्लाई बंद हो गई। 10 हजार से ज्यादा घर प्रभावित होने बताए गए।