किन्नू के बगीचे सहित हजारों बीघा फसल बर्बाद,यमुना में आई बाढ़ सेतबाह हुए किसान:मुआवजे की मांग

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा के यमुना में आई बाढ़ से ब्लॉक बरौली अहीर के गांव तनौरा नूरपुर सहित दर्जनों गांव में बाढ़ से किसानों की हजारों बीघा फसल बर्बाद हो गई है। किसानों ने बताया है कि उन्होंने 3 साल में किन्नू के बगीचे भी तैयार किए थे जो भी बाढ़ की भेंट चढ़ गए किसान नेता श्याम सिंह चाहर अपने साथियों के साथ गांव पहुंचे और किसानों का दर्द जाना।

किन्नू के बगीचों सहित हजारों बीघा फसल बर्बाद 
आगरा में ब्लॉक बरौली अहीर की ग्राम पंचायत तनौरा नूरपुर , समोगर, पाली थारोल सहित दर्जनों गांव में यमुना में बाढ़ आने से किसानों की किन्नू के बगीचों सहित हजारों बीघा फसल बर्बाद हो गई है। किसानों के सामने अब पशुओं के चारे से लेकर खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है। किसान थान सिंह ने बताया है कि उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई है।

अब पशुओं को खिलाने के लिए कुछ नहीं बचा है। ऐसे में शासन-प्रशासन को कुछ मदद करनी चाहिए। किसान सौदान सिंह ने बताया है कि उन्होंने 3 साल पहले किन्नू के बगीचे ढाई बीघा खेत में लगाए थे जो कि अब लगभग तैयार है, लेकिन जमुना में आई बाढ़ से किन्नू के बगीचे को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। किसान को लगभग ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

किसानों ने की मुआवजे की मांग

किसान नेता श्याम सिंह चाहर ,मेहताब सिंह चाहर, पवन अध्यापक सहित एक प्रतिनिधि मंडल किसानों के बीच पहुंचा है और उन्होंने किसानों का दर्द जाना है। किसानों ने बताया है कोई भी जनप्रतिनिधि एवं शासन प्रशासन की ओर से उन्हें किसी प्रकार की मदद नहीं मिली है। वह सरकार से हुए नुकसान की मुआवजे की मांग करते हैं। किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने किसानों की समस्याओं को शासन प्रशासन से अवगत कराया है।