(www.arya-tv.com) दुनियाभर के बड़े ब्रांड्स का नेतृत्व आज भारतीय महिलाएं कर रहीं है, जो हर एक महिला के लिए प्रेरणा बन चुकी है। एक समय ऐसा था जब महिलाओं को घर से नहीं निकलने दिया जाता था। माना जाता था कि औरतों का काम सिर्फ घर की चार दीवारों में ही सीमित है। सजना-संवरना और घर के काम संभालना ही महिलाओं को करना है। लेकिन बदलते समय में आज भारतीय महिलाएं ब्यूटी प्रोडक्ट्स से लेकर टेक्नॉलजी जैसी कई बड़ी इंडस्ट्रीज़ का नेतृत्व कर रही हैं और ना सिर्फ भारत में, बल्कि विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं।
आज हम कुछ ऐसी भारतीय महिला सीईओ की बात कर रहे हैं, जो विश्वभर के बड़े ब्रांड्स का नेतृत्व कर रही हैं। जिनका नाम और काम आज सिर्फ भारतीय महिलाओं के लिए ही नहीं बल्कि विश्व भर की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है।
रेवती अद्वैती – फ्लेक्स
भारत में जन्मी रेवती अद्वैती (54) फ्लेक्स की सीईओ हैं। फ्लेक्स, दुनिया की सबसे बड़ी निर्माण कंपनियों में से एक है। रेवती ने फरवरी-2019 में सीईओ के रूप में कार्यभार संभाला और कंपनी की रणनीतिक दिशा व तकनीकी इनोवेशन को मैनेज करती हैं। वह, Uber और Catalyst.org, दोनों के निदेशक मंडल के लिए एक इंडिपेंडेंट डायरेक्टर और एमआईटी प्रेसिडेंशियल सीईओ एडवाइजरी बोर्ड की सदस्या भी हैं।
शर्मिष्ठा दुबे – मैच ग्रुप
जमशेदपुर में जन्मी 51 वर्षीया शर्मिष्ठा दुबे, मैच ग्रुप की सीईओ हैं। शर्मिष्ठा दुबे ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान से इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और बाद में ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी से एमएस किया। मैच ग्रुप $40 बिलियन का टेक्नोलॉजी ग्रुप है। टिंडर, ओकेक्यूपिड, हिंज और प्लेंटीऑफफिश जैसे कई ऑनलाइन डेटिंग एप्लिकेशन इसी समुह का हिस्सा हैं।
रेशमा केवलरामानी – वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल
रेशमा केवलरामानी का जन्म बॉम्बे में हुआ था। वह 11 साल की उम्र तक भारत में पली-बढ़ीं और फिर अपने माता-पिता के साथ अमेरिका चली गई। रेशमा केवलरामानी साल 2017 में एक अमेरिकी बायोफार्मास्युटिकल कंपनी, ‘वर्टेक्स फार्मास्युटिकल्स’ की प्रेसिंडेंट और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के रूप में कंपनी में शामिल हुईं। वर्टेक्स ज्वाइन करने से पहले, वह ‘ग्लोबल मेडिसिन डेवलपमेंट एंड मेडिकल अफेयर्स’ की मुख्य चिकित्सा अधिकारी और कार्यकारी प्रेसिडेंट थीं। उन्होंने एक अन्य बायोफार्मास्युटिकल कंपनी, ‘एम्जेन’ में भी 12 साल से अधिक समय बिताया। वहां, उन्होंने रिसर्च और डेवलपमेंट में कई तरह की भूमिकाएं निभाई।
सोनिया स्यंगल – गैप इंक
भारत में जन्मी, स्यंगल का पालन-पोषण कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका में हुआ। इन्होंने कैटरिंग विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की और बाद में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री भी हासिल की है। अमेरिकी-कनाडाई बिजनेसवुमन सोनिया स्यंगल, अमेरिकी वर्ल्डवाइड क्लॉथिंग-एक्सेसरीज़ रिटेलर, ‘गैप इंक’ की प्रेसिडंट और सीईओ हैं। सोनिया को फॉर्च्यून 500 कंपनी की कुछ सर्वोच्च रैंक वाली भारतीय अमेरिकी महिला सीईओ के रूप में भी शामिल किया गया था।
जयश्री उल्लाल – एरिस्टा नेटवर्क्स
जयश्री उल्लाल, साल 2008 से एक कंप्यूटर नेटवर्किंग फर्म, ‘अरिस्टा नेटवर्क्स’ की प्रेसिडंट और सीईओ रही हैं। वह दुनिया की 72 सेल्फ-मेड महिला अरबपतियों में से एक हैं। लंदन में जन्मी और नई दिल्ली में पली-बढ़ीं उल्लाल ने सैन फ्रांसिस्को स्टेट यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की और बाद में सैंटा क्लैरा यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। उल्लाल ने फेयरचाइल्ड सेमीकंडक्टर, सिस्को और एएमडी के साथ भी काम किया है।