कानपुर में 1752 बूथों पर वोटिंग:पोलिंग पार्टी में 4 की जगह होंगे 5 कर्मी, हर वार्ड में बनेगा एक पिंक बूथ

# ## Kanpur Zone

स्थानीय निकाय चुनाव में इस बार कर्मचारियों की ड्यूटी में नए प्रयोग किए जा रहे हैं। नगर निगम चुनाव में पहली बार चार के स्थान पर पांच कर्मचारियों की ड्यूटी एक पोलिंग पार्टी में लगाई जाएगी। जबकि नगर निगम और नगर पंचायत क्षेत्र में पोलिंग अफसर द्वितीय अनिवार्य रूप से महिला ही होगी।

एक से अधिक ईवीएम के चलते फैसला
निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन के क्रम में निर्वाचन कार्मिक अधिकारी सीडीओ ने आरओ और एआरओ को चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए। अब तक एक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी समेत कुल चार कर्मचारी होते थे, लेकिन नगर निगम क्षेत्र में प्रत्याशी अधिक होने की दशा में एक से अधिक ईवीएम हो सकती हैं।

नगर पंचायत में कोई बदलाव नहीं
ऐसे में पहली बार निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि पीठासीन अधिकारी के साथ पोलिंग अफसर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ भी तैनात किए जाएं। जबकि नगर पंचायत चुनाव में पहले की तरह एक पार्टी में चार ही कर्मचारी होंगे।

सेकेंड ऑफिसर के रूप में महिला कर्मी
जिले में कुल 2293 पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी। जिसमें पोलिंग अफसर सेकेंड अनिवार्य रूप से महिला कर्मचारी होंगी। यह नियम भी पहली बार आया है। प्रत्येक वार्ड में एक पिंक बूथ होगा। इसमें एक महिला अटेंडेंट होंगी, जो किसी कर्मचारी के साथ छोटा बच्चा होने पर निर्वाचन के दौरान उन्हें संभालेंगी। सभी कर्मचारी और सुरक्षा बल में महिलाएं ही रहेंगी।

11 हजार कर्मी कराएंगे चुनाव
निकाय चुनाव कराने के लिए 11 हजार सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। EVM से मतदान को 2190 पोलिंग पार्टियां तैयार कर ली गई हैं। 1752 पोलिंग पार्टियां चुनाव में लगेंगी। 438 पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। वहीं, बैलेट से मतदान को 103 पोलिंग पार्टियां तैयार की गई हैं। 513 कर्मचारियों को लगाया गया है। इसमें से 82 चुनाव कराएंगी और 21 को रिजर्व में रखा गया है। पॉलिटेक्निक में ट्रेनिंग कराई जाएगी।

नगर निगम में 1824 बूथ बनाए गए
1824 बूथ बनाए गए हैं। वहीं, एक EVM में 16 प्रत्याशी आ सकेंगे। वहीं नगर निगम मुख्यालय में महापौर और पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए नामांकन होंगे। हर एक कक्ष में 5 प्रत्याशियों के नामांकन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बिठूर पालिका के चुनाव के नामांकन भी नगर निगम मुख्यालय में ही होंगे।

1752 बूथों में होगा मतदान
नगर निगम चुनाव में 53 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। 110 वार्डों के लिए कुल 535 मतदान केंद्र और 1752 बूथ बनाए गए हैं। इसमें 203 मतदान केंद्र व 606 बूथ को सामान्य, 135 केंद्र व 440 बूथ को संवेदनशील, 144 केंद्र व 540 बूथ को अति संवेदनशील और 53 केंद्र व 166 बूथ को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है।