बाराबंकी के अवसानेश्वर मंदिर में चोरी CCTV में कैद, चोर ने शिवलिंग पर पैर रखकर उखाड़ी चांदी

# ## UP

बाराबंकी में हैदरगढ़ के प्रसिद्ध पौराणिक अवसनेश्वर महादेव मंदिर में हुई दुस्साहसिक चोरी के मामले में नए और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मंदिर के गर्भगृह में लगे सीसीटीवी कैमरों ने चोरों की उस करतूत को उजागर कर दिया है जिसने करोड़ों भक्तों की आस्था को झकझोर कर रख दिया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक बेखौफ चोर जूते पहनकर गर्भगृह में दाखिल हुआ और अरघा उखाड़ने के लिए उसने अपने पैर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर टिका दिए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों के बेहद करीब पहुंच गई है।

जांच में सामने आया है कि वारदात मंगलवार की रात करीब 2:30 बजे शुरू हुई। जिसमें एक चोर मंदिर के पूर्वी हिस्से का चैनल गेट तोड़कर अंदर घुसा और करीब डेढ़ घंटे तक मंदिर के भीतर तांडव मचाता रहा। फुटेज के अनुसार जब हाथ से अरघा नहीं उखड़ा तो चोर ने शिवलिंग पर पैर रखकर पूरी ताकत लगाई और करीब 9 किलो चांदी का सामान उखाड़ लिया। शातिर चोर ने पहचान छिपाने के लिए मंदिर के बल्ब भी बंद करने की कोशिश की। आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में 3 से 4 लोग शामिल थे जिन्होंने पहले मंदिर की रेकी की थी क्योंकि चोरों को उन रास्तों का बखूबी पता था जहां कैमरे नहीं लगे थे।

इस घटना ने पुलिस की गश्त पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वक्त चोर मंदिर के अंदर तबाही मचा रहे थे ठीक उसी समय मंदिर के बाहर सड़क पर पुलिस की डायल 112 की गाड़ी खड़ी थी। हैरानी की बात यह है कि पुलिसकर्मी वाहन के भीतर ही मौजूद थे लेकिन उन्हें डेढ़ घंटे तक चली इस बड़ी वारदात की भनक तक नहीं लगी। पुलिस की इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मामले के खुलासे के लिए एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने क्राइम ब्रांच समेत तीन विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस अब केवल मंदिर ही नहीं बल्कि आसपास की मुख्य सड़कों और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लगे हाई-रेज़ोल्यूशन कैमरों की फुटेज को भी बारीकी से खंगाल रही है ताकि चोरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।