(www.arya-tv.com) सोनी टीवी के शो ‘इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन-9’ की फाइनलिस्ट रहीं प्रियंका गुप्ता की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को वह अपने बिजनेस पार्टनर के साथ कार से आगरा अपने घर लौट रही थीं। भरतपुर-आगरा हाईवे पर दोपहर 1 बजे हलैना थाना इलाके में उनकी कार ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे में प्रियंका और उनके बिजनेस पार्टनर की मौके पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट इतना जबरदस्त था कि कार को काटकर युवक और युवती की बॉडी निकाली गई।एसएचओ विजय सिंह छोंकर ने बताया हादसे में आगरा बेलनगंज निवासी कैटरिंग का बिजनेस करने वाले शांतनु चक्रबोती (32) और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की डायरेक्टर प्रियंका गुप्ता (25) की मौत हो गई। प्रियंका फैशन डिजाइनर और इवेंट कंपनी की डायरेक्टर थी।
भरतपुर में अमोली टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
दोनों रणथंभौर में एक डेस्टिनेशन वेडिंग का काम पूरा कर शुक्रवार सुबह 11 बजे कार से निकले थे। कार शांतनु ड्राइव कर रहा था। भरतपुर में अमोली टोल प्लाजा के पास हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर लड़की के पिता कुलभूषण गुप्ता मौके पर पहुंच गए।
कार पूरी तरह पिचक गई पुलिस ने बताया कि दोपहर 12.51 बजे एक ट्रेलर टोल कटवाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान ट्रेलर के पीछे कार रुकी। कुछ ही सेकेंड बाद पीछे से आए दूसरे ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टोलकर्मी भाग कर मौके पर पहुंचे।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह पिचक गई। बाद में वायर डालकर कार को खींचा गया। पूरी कार को काटकर प्रियंका और शांतनु के शव निकाले गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ट्रेलर के ड्राइवर को डिटेन कर लिया है।
धमाके की आवाज आई
टोल प्लाजा के मैनेजर दीपक कुलश्रेष्ठ और चश्मदीद फैजान ने बताया कि UP नंबर की कार ट्रेलर के पीछे थी, जो ओवरलोड था और हम उसकी डबल पेनल्टी काट रहे थे। उसी वक्त ट्रेलर को जोरदार धक्का लगा। धमाके की आवाज आई। पीछे जाकर देखा तो ट्रेलर के पीछे खड़ी कार को दूसरा ट्रेलर बुरी तरह कुचल चुका था। ट्रेलर कार पर चढ़ा हुआ था और कार में सवार एक लड़का और एक लड़की की ऑन स्पॉट ही डेथ हो गई थी।
बचपन से ही मेधावी थी प्रियंका
मोहल्ले वालों के मुताबिक, प्रियंका बचपन से ही होनहार थी। शिवहरे समाज एकता परिषद ने प्रियंका को ‘शिवहरे प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया था। प्रियंका गुप्ता को कई अन्य मंचों पर भी सम्मानित किया जा चुका था। ‘इंडियाज गॉट टेलेंट सीजन-9’ में वह आगरा के क्रेजी हॉपर्स ग्रुप की सदस्य थी।
इंटरनेशनल डीजे ओली का कंसर्ट कराया था
बीबीए क्वालीफाइड प्रियंका ने हाल ही में अपनी एक इवेंट कंपनी शुरू की थी जिसका पहला कार्यक्रम बीती 3 सितंबर को आगरा के फार्म हाउस में मुंबई के स्टार सिंगर रैपर किंग एवं इंटरनेशनल डीजे ओली का शानदार कंसर्ट कराया था। उनके पास कई इवेंट प्रोजेक्ट थे।
आज होगा अंतिम संस्कार
प्रियंका गुप्ता के पिता कुलभूषण उर्फ राम गुप्ता भाजपा के पुराने नेता हैं। इनके दो छोटे भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात 10 बजे तक शव आगरा निवास पर पहुंचेगा। शनिवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों ने हादसे के बाद पुलिस को तहरीर दी है।