अखिल भारतीय ब्रह्म समाज द्वारा पाटी पूजन समारोह 23 जनवरी को

Lucknow
  • अखिल भारतीय ब्रह्म समाज द्वारा पाटी पूजन समारोह 23 जनवरी को

लखनऊ। अखिल भारतीय ब्रह्म समाज द्वारा बच्चों के शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संस्कारों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आगामी 23 जनवरी को सनातन धर्म मंदिर, चन्द्र नगर, आलमबाग, लखनऊ में भव्य पाटी पूजन (विद्यारंभ संस्कार) समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आज एक आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई।

अखिल भारतीय ब्रह्म समाज के राष्ट्रीय महामंत्री देवेन्द्र शुक्ल ने बताया कि कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे 11 जनवरी तक फेसबुक, व्हाट्सऐप, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक बच्चों का रजिस्ट्रेशन कराएं।

“अखिल भारतीय ब्रह्म समाज द्वारा पाटी पूजन समारोह की बैठक में पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश मिश्रा के साथ राष्ट्रीय महामंत्री देवेन्द्र शुक्ल, अध्यक्ष सीपी अवस्थी,कार्यवाहक अध्यक्ष कोमल द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष विजय त्रिपाठी,कौशिक बनर्जी आदि उपस्थित रहे।”

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 51 बच्चों का पाटी पूजन संस्कार संपन्न कराया जाएगा। संस्था की ओर से सभी बच्चों को पीला अंगवस्त्र, स्लेट, चाक, पुस्तक सहित अन्य शैक्षिक सामग्री प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में सभी सदस्यों से पीले वस्त्र धारण कर आने की अपील की गई है।

समारोह को बच्चों के लिए रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने हेतु मनोरंजक व शिक्षाप्रद कठपुतली नृत्य की भी विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही बसंत पंचमी पर्व के अवसर पर सभी आगंतुकों के लिए तहरी भोज की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की जाएगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे से होगा। आयोजन की सुचारु व्यवस्था हेतु 18 जनवरी को प्रातः 10 बजे, केन्द्रीय कार्यालय मुण्डावीर परिसर, पकरी आलमबाग, लखनऊ में एक और समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।

अखिल भारतीय ब्रह्म समाज का यह आयोजन बच्चों के जीवन में शिक्षा के शुभारंभ के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को सहेजने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश कुमार मिश्रा आर्य टीवी/आर्य प्रवाह के साथ, राष्ट्रीय महामंत्री देवेन्द्र शुक्ल, अध्यक्ष सीपी अवस्थी,कार्यवाहक अध्यक्ष कोमल द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष विजय त्रिपाठी,कौशिक बनर्जी आदि उपस्थित रहे।